उत्तराखंड: लूटपाट के बाद ठेकेदार को गोली मारना वाला कुख्यात बदमाश मुठभेढ़ में ढेर
उत्तराखंड: लूटपाट के बाद ठेकेदार को गोली मारना वाला कुख्यात बदमाश मुठभेढ़ में ढेर
देहरादून, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में लूटपाट के बाद एक ठेकेदार को गोली मारने वाले कुख्यात बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक अधिकारी भी घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली में रहने वाले अकरम (32) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अकरम पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती तथा अन्य संगीन अपराधों के दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।
गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मीडिया को बताया कि बुधवार देर रात पौंधा रोड पर लूटपाट और गोली मारे जाने की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थानाध्यक्ष नरेश राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पीड़ित ठेकेदार देवराज घायल अवस्था में मिला।
उन्होंने बताया कि झाझरा क्षेत्र के रहने वाले देवराज ने जानकारी दी कि गुजरात के पंजीकरण नंबर वाली काले रंग की एक कार में सवार तीन बदमाशों ने उसे रोका और गोली मारकर उससे नीले रंग के बैग को छीन लिया।
देवराज के मुताबिक, बैग में दो लाख रुपये व एक मोबाइल, एक हिसाब किताब की डायरी तथा उसके पहचान पत्र समेत अन्य कागजात थे।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि लूटपाट करने के बाद बदमाश विश्रांति रिजॉर्ट की ओर भाग गए।
अधिकारियों ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया और उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया।
उन्होंने बताया कि कुछ दूरी पर पुलिस को जंगल में काले रंग की गाड़ी दिखाई दी लेकिन पुलिस दल को आता देखकर बदमाश गोलियां चलाते हुए जंगल में भाग गए।
अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों द्वारा चलाई गयी गोली थाना प्रभारी राठौर को लग गयी, जिससे वह घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें अकरम घायल हो गया हालांकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे।
पुलिस ने बताया कि बाद में देवराज, राठौर और बदमाश अकरम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गयी।
पुलिस के मुताबिक, अकरम पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती सहित अन्य गंभीर अपराधों के करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2014 में देहरादून जिले के बालावाला क्षेत्र के एक घर में हुई डकैती के दौरान अंकित नाम के युवक की हत्या में भी अकरम मुख्य आरोपी था।
पुलिस के मुताबिक, अकरम के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक देसी तमंचे के अलावा ठेकेदार से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, फरार बदमाशों की तलाश के लिए जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर सघन जांच की जा रही है।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


