देहरादून, सात मार्च (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल घूमने आ रही दिल्ली की एक महिला पर्यटक से उसकी टैक्सी के चालक ने कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात नैनीताल के निकट सुनसान सड़क पर यह घटना हुई। दुष्कर्म की कोशिश करने वाले टैक्सी चालक से बचने के लिए महिला रात भर जंगल में छिपी रही और शुक्रवार सुबह किसी तरह से पटवा डांगर गांव पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करायी।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा (39) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सफर पर अकेले ही निकली महिला दिल्ली से देहरादून होते हुए पांच मार्च की रात काठगोदाम पहुंची , जहां से उसने नैनीताल के लिए एक टैक्सी ली। रास्ते में देर रात लगभग डेढ़ बजे वल्दियाखान के पास चालक ने टैक्सी को नैनीताल ले जाने की बजाय पटवा डांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया जिसका महिला ने विरोध किया। इस पर चालक ने टैक्सी रोककर महिला के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया और मारपीट कर दुष्कर्म की कोशिश की।
टैक्सी चालक ने महिला पर्यटक का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
हालांकि, बहादुरी दिखाते हुए महिला किसी तरह उसके चंगुल से भाग निकली और पटवा डांगर गांव पहुंच गयी, गांव के प्रधान ने छह मार्च की सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई करते हुए पीड़िता की चिकित्सा जांच कराई तथा उसकी तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64/309(6) और 137 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी, टैक्सी संख्या एवं टैक्सी में लगी जीपीएस प्रणाली की मदद से पुलिस आरोपी चालक बोरा तक पहुंच गयी और उसे पाइन्स भवाली मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। दीपक सिंह बोरा हल्द्वानी का रहने वाला है।
आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टैक्सी को भी कब्जे में ले लिया है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों व आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने टैक्सी मालिकों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी टैक्सी को चालकों के हवाले करने से पहले वे उसका सत्यापन करवाएं नहीं तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंजूनाथ ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी भी किसी अन्य व्यक्ति की टैक्सी चला रहा था।
भाषा
दीप्ति
रवि कांत