उत्तराखंड: पौड़ी में तेंदुए के हमले में महिला की मौत, वन विभाग के कर्मियों ने जानवर को मार गिराया

उत्तराखंड: पौड़ी में तेंदुए के हमले में महिला की मौत, वन विभाग के कर्मियों ने जानवर को मार गिराया

उत्तराखंड: पौड़ी में तेंदुए के हमले में महिला की मौत, वन विभाग के कर्मियों ने जानवर को मार गिराया
Modified Date: June 10, 2026 / 12:27 am IST
Published Date: June 10, 2026 12:27 am IST

पौड़ी, नौ जून (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में कोट ब्लॉक के बाड़ी गांव में मंगलवार दोपहर तेंदुए के हमले में 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में तेंदुए ने अधिकारियों और ग्रामीणों पर हमला करने की कोशिश की जिसके बाद वन विभाग के कर्मियों ने उसे गोली मार दी।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रभा देवी नामक महिला दोपहर करीब 12 बजे अपने मवेशियों के लिए चारा लेने घर के पास खेतों में गई थी लेकिन जब वह वापस नहीं लौटी तो उसका पति उसे खोजने बाहर गया।

निवासियों ने बताया कि उसे खेतों में महिला का धड़ और खून के निशान मिले जिसके बाद उसने शोर मचाया और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।

यह गांव जिला मुख्यालय से करीब आठ-नौ किलोमीटर दूर स्थित है। सूचना मिलने पर वन विभाग का एक दल अधिकृत शूटरों के साथ मौके पर पहुंचा। शव के शेष हिस्सों की तलाश के लिए वन विभाग, राजस्व अधिकारियों, पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर खोज अभियान शुरू किया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खोज दल को महिला के शव का शेष हिस्सा उस स्थान से करीब 200 मीटर दूर मिला, जहां उसका धड़ मिला था।

अधिकारियों ने बताया कि शव के पास मौजूद तेंदुआ खोज दल को देखकर गुर्राया और झाड़ियों से ढके पास के एक ढांचे में छिप गया।

गढ़वाल के प्रभागीय वन अधिकारी महातिम यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तेंदुआ अचानक झाड़ियों से बाहर निकला और वहां मौजूद भीड़ की ओर आक्रामक रूप से झपट पड़ा।

यादव ने कहा, ‘‘जीवन के लिए तत्काल खतरा महसूस होने पर विभाग के कर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई।’’

उन्होंने कहा कि मृत तेंदुए का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

इस दौरान स्थानीय उपजिलाधिकारी और पुलिसकर्मियों सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि यह वही तेंदुआ था जिसने महिला पर हमला किया था। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम के बाद ही की जा सकेगी।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में