कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए बेंगलुरु पहुंचे वेणुगोपाल और सुरजेवाला
कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए बेंगलुरु पहुंचे वेणुगोपाल और सुरजेवाला
बेंगलुरु, 30 मई (भाषा) कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नए नेता के चुनाव के लिए शनिवार को होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला बेंगलुरु पहुंचे।
सीएलपी का नया नेता राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धरमैया का स्थान लेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वेणुगोपाल और सुरजेवाला का स्वागत किया।
सूत्रों के अनुसार डी.के. शिवकुमार के सीएलपी का नया नेता चुने जाने की प्रबल संभावना है। शिवकुमार ने यहां एक होटल में वेणुगोपाल और सुरजेवाला से मुलाकात की।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया था।
कांग्रेस के सभी विधायकों को शाम को विधान सौध के सम्मेलन कक्ष में आयोजित सीएलपी की बैठक में मौजूद रहने के लिए कहा गया है। बैठक की निगरानी वेणुगोपाल और सुरजेवाला करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, सिद्धरमैया स्वयं शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव सीएलपी नेता के रूप में रख सकते हैं। एक अन्य संभावना यह भी है कि कांग्रेस आलाकमान को नया नेता चुनने के लिए अधिकृत करने वाला एक पंक्ति का प्रस्ताव भी पारित किया जाए।
इससे पहले दिन में शिवकुमार ने यहां लोक भवन में राज्यपाल गहलोत से मुलाकात की।
सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार ने नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह की संभावित तिथि सहित विभिन्न पहलुओं पर अनौपचारिक चर्चा करने के लिए राज्यपाल से मुलाकात की।
इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित श्री कदासिद्धेश्वर मठ (जिसे प्रायः अज्जैया मठ कहा जाता है) का भी दौरा किया।
शिवकुमार का इस मठ के साथ गहरा और लंबे समय से आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। मठ का मुख्य परिसर तुमकुरु जिले के नोनाविनकेरे में स्थित है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


