विहिप ने ‘संघ परिवार’ संबंधी टिप्पणी के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी पर निशाना साधा
विहिप ने ‘संघ परिवार’ संबंधी टिप्पणी के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी पर निशाना साधा
नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शनिवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर उनकी उस टिप्पणी को लेकर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने ‘संघ परिवार’ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) को देश और लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था।
विहिप ने कांग्रेस पर ‘भारत विरोधी’ और ‘तुष्टीकरण’ की राजनीति करने तथा संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने का आरोप लगाया।
विहिप की इस प्रतिक्रिया से एक दिन पहले रेड्डी ने कहा था कि राजनीतिक मुकाबला ‘संघ परिवार’ और ‘गांधी परिवार’ के बीच है। रेड्डी ने आरोप लगाया था कि संघ परिवार जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के आधार पर देश को बांटने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने केरलम के मलप्पुरम में आर्यदान मोहम्मद पुरस्कार ग्रहण करते हुए कहा था, ‘‘लड़ाई संघ परिवार और गांधी परिवार के बीच है। मैं इस देश से गांधी परिवार के साथ खड़े होने और संघ परिवार को हराने की अपील कर रहा हूं।’’
रेड्डी ने कहा था, ‘‘संघ परिवार देश और लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इस देश को बचाने के लिए गांधी परिवार के लिए अपना जीवन बलिदान करने को मैं तैयार हूं।’’ उन्होंने कहा था कि उनकी एकमात्र बची हुई महत्वाकांक्षा राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री बनाना है।
रेड्डी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि संघ परिवार देशभक्ति और संवैधानिक संस्थाओं तथा संवैधानिक पदों के सम्मान के लिए जाना जाता है, जबकि कांग्रेस ‘देशद्रोह’ और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले के लिए जानी जाती है।
बंसल ने कहा, ‘‘एक तरफ देशभक्ति है और दूसरी तरफ देशद्रोह। एक तरफ संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और आदर है, जबकि दूसरी तरफ वे संविधान की प्रतियां तो लेकर चलते हैं, पर संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों पर हमला करते हैं। उन्हें देश के संविधान, कानून के शासन या न्यायपालिका पर कोई विश्वास नहीं है। वे किस तरह के गांधी हैं, यह दुनिया जानती है।’’
बंसल ने कहा कि कांग्रेस को अब ऐसे लोगों को ‘गांधी’ कहना बंद कर देना चाहिए और अपनी ‘भारत विरोधी मानसिकता’ से बाहर आना चाहिए।
बंसल ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की ‘तुष्टीकरण’ की पुरानी मानसिकता रही है और अब वह देश के लिए काम करने वालों पर हमला करते हुए सीधे ‘राष्ट्र-विरोधी ताकतों’ के साथ खड़ी हो गई है।
जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता उमर खालिद पर बने एक वृत्तचित्र के हालिया प्रदर्शन को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘चरमपंथी’ मानसिकता वाले लोगों का समर्थन कर रही है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस को हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए और उमर खालिद जैसे ‘आतंकवादी मानसिकता’ वाले लोगों को बढ़ावा देने से बाज आना चाहिए।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


