उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दो दिन के दौरे पर अरुणाचल पहुंचे

Ads

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दो दिन के दौरे पर अरुणाचल पहुंचे

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:47 PM IST

ईटानगर, आठ सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मंगलवार को दो दिन के दौरे पर अरुणाचल प्रदेश पहुंचे। इस दौरान वह राज्य विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

होल्लोंगी स्थित डोनी पोलो हवाई अड्डे पर राज्यपाल के.टी. परनायक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री चौना मीन समेत अन्य लोगों ने राधाकृष्णन का स्वागत किया।

अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे पर उन्हें सलामी गारद का निरीक्षण किया जिसके बाद वह लोकभवन के लिए रवाना हुए जहां वह रात्रिविश्राम करेंगे।

खांडू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईटानगर के डोनी पोलो हवाई अड्डे पर माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन का गर्मजोशी से स्वागत किया। ‘उगते सूरज की धरती’ अरुणाचल प्रदेश में उनका हार्दिक स्वागत है।’’

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि राधाकृष्णन का यह दौरा यादगार और सार्थक रहेगा जिसमें लोगों की गर्मजोशी, राज्य के पहाड़ और समृद्ध जनजातीय विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

राज्य सरकार राधाकृष्णन के सम्मान में लोकभवन में रात्रिभोज का आयोजन करेगी। अधिकारियों ने बताया कि इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य शामिल होंगे।

बुधवार को राधाकृष्णन अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे और विधानसभा दीर्घा-सह-संग्रहालय का दौरा करेंगे।

उनके कार्यक्रम में नेदार नामलो (प्रार्थना हॉल), जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और सुनने और देखने में अक्षम लोगों के लिए डोनी पोलो मिशन स्कूल का दौरा भी शामिल है।

मणिपुर से अरुणाचल प्रदेश पहुंचे राधाकृष्णन बुधवार को शाम करीब 4.30 बजे नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

उपराष्ट्रपति के दौरे के लिए पूरे ईटानगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

ईटानगर कैपिटल रीजन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जुम्मर बसार ने कहा कि राधाकृष्णन के कार्यक्रम में शामिल सभी जगहों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों से राजधानी में रात के दौरान गश्त भी की जा रही है।’’ हालांकि उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देने से इनकार कर दिया।

भाषा सुरभि अविनाश

अविनाश