अगरतला, 23 फरवरी (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन आठ मार्च को पश्चिम त्रिपुरा के सूर्यमणिनगर में त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह का उद्घाटन करेंगे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कार्यक्रम में राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू, मुख्यमंत्री माणिक साहा, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अहमद जावेद और कार्यवाहक कुलपति प्रो. श्यामल दास उपस्थित रहेंगे।
कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शील ने कहा, ‘‘उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन आठ मार्च को पश्चिम त्रिपुरा के सूर्यमणिनगर में त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के 14वें दीक्षांत समारोह का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल इंद्रसेन नल्लू रेड्डी, मुख्यमंत्री माणिक साहा और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अहमद जावेद भी मौजूद रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दीक्षांत समारोह के दौरान 2024-2025 में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। कुल मिलाकर 2024 के 145 और 2025 के 138 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।’’
शील ने कहा कि दीक्षांत समारोह के दौरान 149 विद्यार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो वर्ष 2024 और 2025 में दीक्षांत समारोह नहीं हो पाया। इसके परिणामस्वरूप राज्य के विद्यार्थियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए दीक्षांत समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा