विजय ने हमें चार मई को मतगणना केंद्र से एक इंच भी इधर-उधर नहीं हिलने को कहा: टीवीके प्रत्याशी

विजय ने हमें चार मई को मतगणना केंद्र से एक इंच भी इधर-उधर नहीं हिलने को कहा: टीवीके प्रत्याशी

विजय ने हमें चार मई को मतगणना केंद्र से एक इंच भी इधर-उधर नहीं हिलने को कहा: टीवीके प्रत्याशी
Modified Date: April 30, 2026 / 10:35 pm IST
Published Date: April 30, 2026 10:35 pm IST

चेन्नई, 30 अप्रैल (भाषा) टीवीके प्रत्याशी एन मैरी विल्सन ने कहा है कि उनकी पार्टी के प्रमुख विजय ने बृहस्पतिवार को यहां एक बैठक के दौरान उम्मीदवारों को निर्देश दिया कि वे मतगणना शुरू होने से पहले सुबह-सुबह मतगणना केंद्रों पर पहुंच जायें और वहां से ‘एक इंच भी न हिलें।’

आर के नगर से टीवीके प्रत्याशी विल्सन ने मीडिया से कहा, ‘‘विजय ने हमें (टीवीके उम्मीदवारों को) सुबह छह बजे तक मतगणना केंद्रों पर पहुंच जाने को कहा है। उन्होंने हमें आगे रहकर एक इंच भी हिले बिना कार्यवाही पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी है।’’

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। वोटों की गिनती चार मई को होगी।

टीवीके उम्मीदवारों ने अपने चुनाव प्रचार के अनुभवों के साथ-साथ चार मई की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए यहां विजय के साथ बैठक की।

हालिया एग्जिट पोल के बारे में पूछे जाने पर विल्सन ने स्पष्ट किया कि विजय के साथ हुई उनकी बैठक में एग्जिट पोल पर कोई चर्चा नहीं हुई।

अधिकतर एग्जिट पोल में द्रमुक को बढ़त मिलती दिख रही है।

विल्सन ने कहा कि वह जमीनी हकीकत पर भरोसा करना पसंद करेंगे और लगभग 30 दिनों तक जनता से सीधे बातचीत करने और यात्रा करने के बाद, उन्हें पूरा विश्वास है कि परिणाम उनके पक्ष में ही आएंगे क्योंकि मतदाताओं ने पहले ही अपना फैसला कर लिया है।

उन्होंने अन्नाद्रमुक के साथ संभावित गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज कर दिया।

थिरुपरनकुंड्रम के उम्मीदवार और टीवीके प्रवक्ता सी टी निर्मल कुमार ने कहा कि राज्य में अभूतपूर्व चुनाव हुए हैं, जिनमें जनता में पूर्ण राजनीतिक परिवर्तन की इच्छा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

कुमार ने पनायूर स्थित टीवीके मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि द्रमुक और अन्नाद्रमुक सहित प्रतिद्वंद्वी खेमों के मतदाता इस बार टीवीके के पक्ष में आ गये।

भाषा राजकुमार वैभव

वैभव


लेखक के बारे में