बीटिंग रिट्रीट में ‘विजय भारत’ और अन्य धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया
बीटिंग रिट्रीट में ‘विजय भारत’ और अन्य धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया
नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) देश की राजधानी स्थित रायसीना हिल पर बृहस्पतिवार को आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान सशस्त्र बलों के बैंड द्वारा बजाए गए ‘कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘विजय भारत’ और अन्य देशभक्ति गीतों की धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस साल बीटिंग रिट्रीट ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के जश्न के तौर भी मनाया गया।
समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की। वह बिगुल की ध्वनि के बीच एक पारंपरिक बग्गी में कार्यक्रम स्थल पहुंचीं, जिससे इस अवसर को एक औपचारिक गरिमा प्राप्त हुई।
यह प्रमुख वार्षिक आयोजन गणतंत्र दिवस समारोह के समापन का प्रतीक है।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत रायसीना हिल से ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ की धुन बजाते हुए एक बैंड के मार्च के साथ हुई, जिससे देशभक्ति का माहौल और चरम पर पहुंच गया।
इसके बाद ‘पाइप बैंड’ के सदस्यों ने ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष, गगनयान मिशन और ‘अमर जवान ज्योति’ जैसे महत्वपूर्ण अवसरों और घटनाओं को चिह्नित करने के लिए विभिन्न संरचनाओं में खड़े होकर कई मधुर धुन छेड़े।
इसके उपरांत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के बैंड ने ‘विजय भारत’ बजाया, जो भारत के उत्थान और उसकी संस्कृति और विरासत का जश्न मनाता है।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जिन पर समारोह की वास्तविक समय में तस्वीरें प्रसारित की जा रही थीं। इन स्क्रीन पर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष, गगनयान मिशन और ‘अमर जवान ज्योति’ के प्रतीकात्मक चित्र भी प्रदर्शित किए जा रहे थे।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


