विजयन ने केरलम की यूडीएफ सरकार पर आलोचनाओं को दबाने का आरोप लगाया

विजयन ने केरलम की यूडीएफ सरकार पर आलोचनाओं को दबाने का आरोप लगाया

विजयन ने केरलम की यूडीएफ सरकार पर आलोचनाओं को दबाने का आरोप लगाया
Modified Date: September 17, 2026 / 05:38 pm IST
Published Date: September 17, 2026 5:38 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 17 सितंबर (भाषा) केरलम में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को गृह मंत्री रमेश चेन्निथला की हालिया अमेरिका यात्रा से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में माकपा नेता के. एस. अरुण कुमार के खिलाफ कथित तौर पर दर्ज मुकदमे को लेकर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार की आलोचना की।

विजयन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत राज्य सरकार लोकतांत्रिक आलोचनाओं और सवालों से निपटने के लिए सत्ता का इस्तेमाल कर ‘‘तानाशाहीपूर्ण रवैया’’ अपना रही है।

वरिष्ठ माकपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चेन्निथला की विदेश यात्रा के संदर्भ में सोशल मीडिया पर ‘‘प्रासंगिक सवाल’’ उठाने के लिए अरुण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की आलोचना के प्रति असहिष्णुता को दर्शाती है।

विजयन ने कहा कि अरुण कुमार ने गृह मंत्री की व्यक्तिगत रूप से आलोचना नहीं की थी, बल्कि इस मुद्दे पर मीडिया के रुख पर टिप्पणी की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया ने पिछली एलडीएफ सरकार के दौरान इस बात पर भी बारीकी से नजर रखी थी कि मंत्री किस गाड़ी से यात्रा करते हैं, लेकिन अब यूडीएफ मंत्रियों के मामले में चुप्पी साधे हुए है। यह वही विशेष छूट है जो मीडिया दक्षिणपंथियों को देता है। अरुण कुमार ने इसी दोहरे मापदंड की ओर इशारा किया है।’’

भाषा शफीक मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में