विजयन ने केरलम विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष पद की भाकपा की मांग ठुकराई
विजयन ने केरलम विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष पद की भाकपा की मांग ठुकराई
त्रिशूर (केरलम), 22 अगस्त (भाषा) केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने शनिवार को भाकपा की उप नेता प्रतिपक्ष पद की मांग को खारिज करते हुए कहा कि यह पद माकपा के किसी नेता को दिया जाएगा।
उन्होंने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार पर ओणम के दौरान जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
भाकपा विपक्षी गठबंधन वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की दूसरी सबसे बड़ी घटक पार्टी है।
भाकपा की ओर से बार-बार की जा रही मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने कहा कि नए उप नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के लिए उन्हें केवल विधानसभा अध्यक्ष को एक पत्र भेजना है और उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस पद के लिए माकपा नेता के नाम की सिफारिश करेंगे।
विजयन ने कहा, ‘विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश के अनुसार, पत्र सौंपे जाने के बाद उप नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति हो जाएगी। इसमें कोई संदेह नहीं है कि उस पत्र में लिखा नाम माकपा नेता का ही होगा।’
भाकपा के रुख के बारे में पूछे जाने पर विजयन ने कहा कि पार्टी आखिरकार मान जाएगी।
हालांकि, भाकपा के प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम ने विजयन के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
विश्वम ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि विजयन जैसे नेता ने ऐसा बयान दिया है।
उन्होंने कहा, ‘भाकपा के सम्मान की कीमत तय करने का अधिकार किसी नेता को नहीं है। यह विवाद का विषय है और दोनों दलों के बीच चर्चा के लिए इसे अलग रखा गया है।’
पत्रकारों से बात करते हुए विजयन ने ओणम के दौरान जरूरी चीजों की कीमतों में कथित तौर पर हुई भारी बढ़ोतरी पर चिंता जताई और यूडीएफ सरकार पर महंगाई को रोकने के लिए प्रभावी कदम न उठाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि चावल, चीनी, सब्जियों, नारियल तेल और फलों सहित आवश्यक वस्तुओं के दामों में भारी वृद्धि हुई है।
उन्होंने दावा किया कि चावल की कीमत में 15 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


