विजयन ने केरल में परमाणु संयंत्र की पहल को लेकर जनांदोलन की चेतावनी दी

विजयन ने केरल में परमाणु संयंत्र की पहल को लेकर जनांदोलन की चेतावनी दी

विजयन ने केरल में परमाणु संयंत्र की पहल को लेकर जनांदोलन की चेतावनी दी
Modified Date: July 17, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: July 17, 2026 3:07 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 17 जुलाई (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने केरल में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की कोई भी पहल की, तो इसके खिलाफ बड़े पैमाने पर जन आंदोलन होगा।

बिजली मंत्री सनी जोसेफ के इस बयान कि कासरगोड के चीमेनी में परमाणु ऊर्जा संयंत्र को दीर्घकालिक समाधान के तौर पर प्रस्तावित किया जा रहा है, का उल्लेख करते हुए विजयन ने कहा कि इस प्रस्ताव का जनता पुरज़ोर विरोध करेगी।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर कोई सोचता है कि परमाणु विद्युत संयंत्र लगाने से केरल की बिजली की समस्या हल हो जाएगी, तो हमारे समाज में इसका जबरदस्त विरोध होगा। इसमें कोई शक नहीं है। जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन होंगे।’’

विजयन ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के कार्यकाल के दौरान, इस तरह के प्रस्ताव पर विचार तक नहीं किया गया था।

उन्होंने कहा कि कुछ जगहों से ऐसे सुझाव आए थे, लेकिन उनकी सरकार ने तब साफ कर दिया था कि वह ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर वर्तमान सरकार अब भी ऐसे विचारों से बाज नहीं आती है, तो इससे केरल में बेवजह की परेशानियां ही खड़ी होंगी। इसके बजाय, उसे दूसरे तरीकों से बिजली क्षेत्र को मजबूत करना चाहिए।’’

राज्य में बिजली की मौजूदा कमी के बारे में पूछे जाने पर विजयन ने कहा कि तकनीकी दिक्कतें किसी भी सरकार के समय आ सकती हैं, लेकिन मौजूदा हालात से पता चलता है कि पहले से जरूरी तैयारी नहीं की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे हालात में आम तौर पर ग्राहकों को बिजली कटौती की संभावना के बारे में पहले ही बता दिया जाता है। लेकिन अभी जो हो रहा है, वह बिल्कुल अलग है। बृहस्पतिवार रात मुझे खुद एक घंटे पंद्रह मिनट तक बिना बिजली के रहना पड़ा। ऐसा सिर्फ़ मेरे साथ नहीं हो रहा है, कई लोग इसी समस्या का सामना कर रहे हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री विजयन ने दावा किया कि पिछली एलडीएफ सरकार के कार्यकाल में राज्य के बिजली क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई थी।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में