विजयेंद्र ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में मोदी के इस्तीफ़े की मांग करने पर कांग्रेस पर साधा निशाना
विजयेंद्र ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में मोदी के इस्तीफ़े की मांग करने पर कांग्रेस पर साधा निशाना
बेंगलुरु, आठ जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर ‘‘पाखंड’’ का आरोप लगाया।
विजयेंद्र ने कहा कि ‘‘कितना भी शोर, बनावटी आक्रोश या चुनिंदा नैतिकता’’ दिखाई जाए, इससे प्रधानमंत्री मोदी में जनता का विश्वास डिगने वाला नहीं है।
विजयेंद्र ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कांग्रेस ने पाखंड को अपनी आदत बना लिया है। अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करने की कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) की मांग राजनीतिक नाटक के अलावा और कुछ नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी पर उंगली उठाने से पहले कांग्रेस को यह जवाब देना चाहिए कि ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में गंभीर सवालों का सामना कर रहीं सोनिया गांधी और राहुल गांधी अब भी सार्वजनिक पदों पर क्यों बने हुए हैं। यह मामला हमारी स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत से जुड़ी संपत्तियों से संबंधित है।’’
भाजपा नेता ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एक स्वतंत्र निकाय है और जैसे ही आरोप सामने आए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच के आदेश दिए।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं होता, वह इसी तरह काम करती है। इसके विपरीत कर्नाटक में कांग्रेस ने एमयूडीए और वाल्मीकि घोटालों को दबाने के लिए हर संभव कोशिश की। यही पार्टी अपने घोटालों की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच होने पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाती है, लेकिन अब जब उसकी राजनीति के अनुकूल है तो अचानक सीबीआई पर भरोसा जता रही है।’’
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा ने मंगलवार को पांच प्रस्ताव पारित किए थे। इनमें अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की सीबीआई जांच कराने की मांग भी शामिल है।
बैठक में एक अन्य प्रस्ताव के माध्यम से कथित घोटाले के लिए नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की भी मांग की गई।
विजयेंद्र ने कहा, ‘‘यह अयोध्या की चिंता नहीं है। कांग्रेस राम मंदिर के नाम की आड़ लेकर अपने भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रही है। कितना भी शोर, बनावटी आक्रोश या चुनिंदा नैतिकता दिखाई जाए, इससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में जनता का विश्वास नहीं डिगेगा।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितना शोर मचाए, जनता हमेशा की तरह उसके इस ‘‘राजनीतिक नाटक’’ को समझ जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने राम मंदिर में चढ़ावे की नकदी के कथित गबन के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भाषा अमित शफीक
शफीक

Facebook


