विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र विस्फोट : सभी आठ श्रमिकों के शव उनके परिवारों को सौंपे गए

Ads

विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र विस्फोट : सभी आठ श्रमिकों के शव उनके परिवारों को सौंपे गए

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 09:54 AM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 09:54 AM IST

विशाखापत्तनम, 10 जून (भाषा) विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र (वीएसपी) हादसे में मारे गए सभी आठ श्रमिकों का पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सोमवार शाम को विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र के ‘स्टील मेल्ट शॉप-1’ में पिघले हुए इस्पात की ढलाई के दौरान हुए विस्फोट और उसके बाद लगी आग में आठ श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य घायल हो गए थे।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को सात श्रमिकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए थे। इनमें से अधिकत्तर श्रमिक विशाखापत्तनम और आसपास के क्षेत्रों के निवासी थे। वहीं, आठवां शव बाद में तब सौंपा गया, जब मृतक श्रमिक के परिजन बिहार से यहां पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।

किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (केजीएच) के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सभी आठ श्रमिकों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है और अब सभी शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। बिहार के श्रमिक के परिजन यहां पहुंच गए थे और उन्होंने जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।’’

उन्होंने बताया कि वीएसपी ने बिहार के श्रमिक के शव को उसके पैतृक गांव तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की है।

अधिकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक श्रमिक के परिवार के करीब 20 सदस्य बिहार से विशाखापत्तनम पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि पिघले हुए इस्पात के संपर्क में आने के कारण शव पूरी तरह झुलस गए थे। हालांकि, परिजनों ने अपने प्रियजनों की पहचान कर ली।

भाषा गोला वैभव

वैभव