निजी कंपनी के गोदाम में लगी आग, कोई जनहानि नहीं

Ads

निजी कंपनी के गोदाम में लगी आग, कोई जनहानि नहीं

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 08:44 AM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 08:44 AM IST

नोएडा, 10 जून (भाषा) नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी के गोदम में बुधवार तड़के आग लग गई जिस पर करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की इस घटना में किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति का काफी नुकसान होने की आशंका है जिसका आकलन किया जा रहा है।

मुख्य दमकल अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक निजी कंपनी के गोदाम में आज तड़के आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।

उन्होंने कहा कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था जिसे देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों की व्यवस्था के लिए आसपास के जिलों के अग्निशमन विभाग से संपर्क किया गया और 16 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सीएफओ ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

मौके पर मौजूद थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि गोदाम में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। उन्होंने बताया कि इस वेयरहाउस में फर्नीचर आदि को डिलीवरी के लिए रखा जाता है।

भड़ाना के अनुसार गोदाम में आग लगने से संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है।

भाषा सं. वैभव

वैभव