विवेक ओबेरॉय ने अपने नाम और तस्वीर के दुरुपयोग के खिलाफ अदालत का रुख किया
विवेक ओबेरॉय ने अपने नाम और तस्वीर के दुरुपयोग के खिलाफ अदालत का रुख किया
नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) अभिनेता और उद्यमी विवेक ओबेरॉय ने दिल्ली उच्च न्यायालय में बृहस्पतिवार को याचिका दायर कर अनुरोध किया कि कई संस्थाओं द्वारा उनके नाम और तस्वीर का कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिए दुरुपयोग किया जा रहा है, जिस पर रोक लगाई जानी चाहिए।
न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला ने कहा, ‘‘हम आदेश पारित करेंगे।’’
ओबेरॉय ने याचिका में कहा कि कई संस्थाओं ने बिना अनुमति उनके व्यक्तित्व अधिकारों का कथित तौर पर दुरुपयोग किया, जिससे उनकी साख और प्रतिष्ठा को काफी नुकसान हुआ है।
याचिका में कहा गया है कि कई संस्थाएं ‘इंस्टाग्राम’ जैसे सोशल मीडिया मंच पर उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करके फर्जी खाते बना रही हैं और एआई का उपयोग करके ऐसे ‘डीपफेक’ और ‘मॉर्फ्ड’ किए गए वीडियो/तस्वीर बना रही हैं, जिनमें अशोभनीय और आपत्तिजनक सामग्री दिखाई गई है।
याचिका में कहा गया है, ‘‘इन वीडियो में अक्सर वादी को झूठे संदर्भ में और फिल्म उद्योग की अन्य हस्तियों के साथ अनुचित परिस्थितियों में दिखाया जाता है।’’
इसमें कहा, ‘‘ऐसे वीडियो में वादी के पारिवारिक जीवन के बारे में भी गलत और आपत्तिजनक सामग्री दिखाई जा रही हैं। ये अशोभनीय वीडियो जनता को गुमराह कर सकते हैं और उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर सकते हैं कि वीडियो में दिखाई गई बातें सच हैं।’’
याचिका में कहा, ‘‘ये वीडियो अश्लील और आपत्तिजनक हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि प्रतिवादी वादी की छवि का दुरुपयोग कर इस तरह के यूट्यूब शॉर्ट्स/वीडियो बना रहे हैं ताकि उनके वीडियो अधिक लोकप्रिय हो सकें।’’
याचिका में यह भी कहा गया है कि अभिनय करियर के अलावा, ओबेरॉय एक सफल व्यवसायी भी हैं और उनके भारत तथा दुबई में व्यापारिक हित हैं।
इसमें कहा गया कि ओबेरॉय ने ‘‘फिल्म उद्योग से बाहर अपने व्यवसायिक विश्वास और प्रतिष्ठा बनाई है और एक व्यवसायी के रूप में उनका अच्छा खासा नाम है’’, और किसी को भी उनके नाम, हस्ताक्षर, आवाज या तस्वीर सहित उनके व्यक्तित्व के किसी भी पहलू का व्यावसायिक लाभ के लिए उनकी अनुमति के बिना दुरुपयोग या नकल करने का अधिकार नहीं है।
इसके अलावा, कुछ संस्थाएं विभिन्न ई-कॉमर्स मंचों पर उनके नाम और तस्वीर वाले पोस्टर, टी-शर्ट और पोस्टकार्ड जैसे सामान बेच रही हैं।
इससे पहले ऐश्वर्या राय बच्चन, उनके पति अभिषेक बच्चन, सलमान खान समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने भी अपनी निजता और प्रचार अधिकारों की सुरक्षा के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया था।
भाषा यासिर खारी
खारी

Facebook


