गिरिराज सिंह की टिप्पणी को वहीद पारा ने बताया गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक

Ads

गिरिराज सिंह की टिप्पणी को वहीद पारा ने बताया गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 02:44 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 02:44 PM IST

श्रीनगर, पांच अगस्त (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता वहीद पारा ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को ‘‘आतंकवादी’’ बताए जाने संबंधी टिप्पणी को बुधवार को ‘‘आपत्तिजनक’’ और ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ करार दिया।

पारा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को ‘आतंकवादी’ बताने वाली गिरिराज सिंह की टिप्पणी आपत्तिजनक, गैर-जिम्मेदाराना और एक केंद्रीय मंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और एक वरिष्ठ मुस्लिम महिला नेता के खिलाफ इस तरह की भाषा पूर्वाग्रह और राजनीतिक असहिष्णुता को दर्शाती है।’’

वह गिरिराज सिंह की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ‘‘आतंकवादी हैं क्योंकि उन्होंने हमेशा आतंकवादियों का समर्थन किया है।’’

सिंह ने यह भी दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पीडीपी के साथ गठबंधन के दौरान महबूबा मुफ्ती में सुधार लाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा था, ‘‘जब कोई सुधार नहीं हुआ तो हमने उनका साथ छोड़ दिया।’’

पुलवामा से विधायक पारा ने कहा कि यह कोई राजनीतिक बयान नहीं है, बल्कि गिरिराज सिंह की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि गिरिराज सिंह की अपनी सोच का प्रतिबिंब है।’’

महबूबा मुफ्ती मंगलवार को उस समय विवादों में आ गई थीं, जब अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के विरोध में श्रीनगर में आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान वह कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़े हुए दिखाई दी थीं।

भाषा मनीषा नरेश

नरेश