वांगचुक अनशन जारी रखेंगे, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का दिया हवाला

Ads

वांगचुक अनशन जारी रखेंगे, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का दिया हवाला

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 07:38 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 07:38 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को घोषणा की कि वे अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के “संसद चलो” मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा है। वे तब तक उपवास जारी रखेंगे जब तक युवा नेताओं को सांसदों से मिलने की इजाजत नहीं मिल जाती या उन्हें खुद अस्पताल से ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती।

सफदरजंग अस्पताल से जारी एक हस्तलिखित बयान में वांगचुक ने कहा, “शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे युवाओं के साथ जिस तरह की बर्बरता बरती जा रही है, उसे देखते हुए मैंने तब तक अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है, जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की इजाजत नहीं मिल जाती या मुझे उनसे यहीं अस्पताल में मिलने की अनुमति नहीं दी जाती।”

उन्होंने आगे कहा, “उम्मीद है कि सरकार उससे पहले शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी।”

वांगचुक ने कहा कि जिस तरह से प्रदर्शनकारियों ने “उकसावे” के बावजूद शांति बनाए रखी है, उससे वे “काफी प्रभावित और भावुक” हैं।

उन्होंने कहा, “मैं सरकार और पुलिस बल से अपील करता हूं कि वे छात्रों को आज या कल संसद के सामने अपनी शिकायतें रखने की इजाजत देकर इस मामले को सुलझाएं। मुझे यकीन है कि युवा प्रदर्शनकारी कल भी शांति बनाए रखेंगे, जैसा उन्होंने आज किया।”

इससे पहले दिन में, वांगचुक ने कहा था कि वह अपना अनशन तभी खत्म करेंगे जब सरकार शिक्षा व्यवस्था में कथित नाकामियों के लिए जिम्मेदारी स्वीकार करे या राजनीतिक नेता उन्हें भरोसा दिलाएं कि संसद के मानसून सत्र में यह मुद्दा उठाया जाएगा। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं के बाद, उन्होंने घोषणा की कि वह अपना अनशन जारी रखेंगे।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश