मुंबई में चोरी के मामलों में वांछित आरोपी सूरत से गिरफ्तार, 44 लाख रुपये की कीमती वस्तुएं बरामद
मुंबई में चोरी के मामलों में वांछित आरोपी सूरत से गिरफ्तार, 44 लाख रुपये की कीमती वस्तुएं बरामद
सूरत, छह अगस्त (भाषा) नवी मुंबई के रहने वाले 26 साल के एक व्यक्ति को गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने हिरासत में लिया है। उस पर 44 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के गहने, नकदी और महंगी घड़ियां चुराने का आरोप है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सरोली थाना निरीक्षक एस आर वेकारिया के अनुसार, आरोपी कमलजीतसिंह बंगू को सूचना के आधार पर बुधवार को सूरत में एक पुलिस जांच चौकी के पास रोका गया। उसके पास से चोरी का 44,12,620 रुपये का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में सोने के आभूषण, नकदी, एक मोबाइल फोन और दो कलाई घड़ियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद की गई कीमती वस्तुएं मुंबई के एमएचबी कॉलोनी थाने में दर्ज चोरी के छह ऐसे मामलों से जुड़ी हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो पाया था।
वेकारिया ने कहा कि बंगू ने एमएचबी कॉलोनी थाना क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में बंद पड़े दो मकानों में चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ सात प्राथमिकी दर्ज हैं, और जांच के लिए उसे मुंबई की एमएचबी कॉलोनी थाना पुलिस को सौंपा जाएगा।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


