हम निशु के साथ खड़े हैं, 24 घंटे में हो स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी : कांग्रेस

Ads

हम निशु के साथ खड़े हैं, 24 घंटे में हो स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 04:05 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 04:05 PM IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि दलित छात्रा निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट के मामले में स्वयंभू ‘हिंदुत्ववादी इनंफ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए।

पार्टी के महिला प्रकोष्ठ ‘अखिल भारतीय महिला कांग्रेस’ की अध्यक्ष अल्का लांबा ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस को भाजपा के हाथों की कठपुतली नहीं बनना चाहिए।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में निशु के मामले के साथ पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान की पुलिस द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने, जंतर-मंतर के प्रदर्शन में शामिल हुई लड़की रुचिका सिंह को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने तथा नोएडा में छात्रा एवं कार्यकर्ता आकृति चौधरी की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत गिरफ्तारी तथा फिर इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा रासुका के तहत कार्रवाई को रद्द किए जाने के विषयों का उल्लेख किया।

लांबा ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी इन सभी लड़कियों की न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं।

उन्होंने निशु के मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि स्वतंत्र भारद्वाज ने एक वीडियो में कथित तौर पर हिंसा से जुड़े अपने किस्से सुनाए और दलित समुदाय के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, इसके बावजूद उसके खिलाफ पर्याप्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

लांबा ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि 24 घंटे के अंदर स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी हो और उसे जेल में डाला जाए।’’

उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन में निशु आजाद ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी थी और इसी दौरान उनके पिता के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। कांग्रेस ने इस मामले में हत्या के प्रयास समेत उचित धाराओं में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान की कथित पिटाई का मामला उठाते हुए कहा कि घटना में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल निलंबित किया जाए।

लांबा ने दिल्ली सरकार से घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की भी मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस निशु आजाद सहित इन बेटियों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी।’’

भाषा हक दिलीप

दिलीप