हम सुनिश्चित करेंगे कि कैब संचालकों को मेघालय में समस्या का सामना न करना पड़ा : असम सरकार
हम सुनिश्चित करेंगे कि कैब संचालकों को मेघालय में समस्या का सामना न करना पड़ा : असम सरकार
गुवाहाटी, 23 अगस्त (भाषा) असम सरकार ने रविवार को राज्य के कैब संचालकों और ट्रांसपोर्टर के साथ पड़ोसी राज्य मेघालय में उन्हें हो रही समस्या पर चर्चा के दौरान भरोसा दिलाया कि दोनों प्रदेशों की सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी कि भविष्य में परिवहन सेवा संचालकों को ऐसी किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
यह बैठक शिलांग में हाल ही में छात्रों की रैली के दौरान हुई हिंसा और उसके बाद गुवाहाटी में मेघालय में पंजीकृत गाड़ियों को रोकने के कारण पैदा हुए संकट को सुलझाने के लिए दोनों राज्यों के बीच हुई मंत्रिस्तर की बातचीत के एक दिन बाद हो हुई। शिलांग में छात्रों की रैली के दौरान असम के रहने वालों पर हमले हुए थे।
गुवाहाटी की तरफ कैब संचालकों ने शनिवार शाम को संचालन निलंबन वापस ले लिया था, लेकिन मेघालय में उनके समकक्षों द्वारा निलंबन अब भी जारी है, क्योंकि रविवार को भी असम में पंजीकृत गाड़ियों को मेघालय के उमियम से वापस भेज दिया गया।
सीमा सुरक्षा और विकास मंत्री अतुल बोरा ने मंत्रिस्तरीय बैठक में असम के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। उन्होंने वाहन चालकों, कैब संचालकों और ट्रांसपोर्टर के 14 संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।
बोरा ने बाद में मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘उन्होंने बताया कि पहले भी असम के वाहनों और चालकों पर हमले की घटनाएं हुई हैं और वे इस बात का भरोसा चाहते थे कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। उन्होंने शनिवार को मेघालय के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत की सराहना की।’’
बोरा ने कहा कि शनिवार को तीन घंटे तक चली बैठक के दौरान मेघालय में असम के वाहनों और लोगों की सुरक्षा से संबंधित सभी मुद्दों को उठाया गया, जिसमें मेघालय के उपमुख्यमंत्री एस धर ने पड़ोसी राज्य की टीम का नेतृत्व किया।
मेघालय की तरफ से जारी नाकेबंदी के बारे में बोरा ने कहा कि उन्होंने यह मामला धर और राज्य के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के सामने उठाया है।
बोरा ने कहा,‘‘धर ने मुझे बताया कि वे कल वहां प्रदर्शनकारियों से बातचीत नहीं कर सके क्योंकि लौटने में देर हो गई थी। आज बातचीत हो रही है। संगमा ने हमें भरोसा दिलाया है कि इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


