पश्चिम बंगाल : ट्रेन के खाली कोच में आग लगी, कोई हताहत नहीं
पश्चिम बंगाल : ट्रेन के खाली कोच में आग लगी, कोई हताहत नहीं
(फोटो के साथ)
कोलकाता, 15 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूरबा बर्धमान जिले में रविवार तड़के कटवा रेलवे स्टेशन पर खड़ी खाली यात्री ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई। पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी कटवा-अजीमगंज यात्री ट्रेन के एक कोच में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
पूर्वी रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित डिब्बे को बाकी डिब्बों से अलग कर दिया, जिससे आग फैलने से रोका जा सका।
अधिकारी ने बताया कि हावड़ा मंडल इस घटना की विस्तृत जांच करेगा और एक फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का दौरा करेगी।
उन्होंने कहा कि आग लगने के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने डिब्बे को आग की लपटों में घिरा देखा, जिससे प्लेटफॉर्म पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीटें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। बाहरी हिस्से पर भी व्यापक नुकसान के निशान दिखे।
बाद में हावड़ा मंडल के डीआरएम विशाल कपूर ने कटवा पहुंचकर प्रभावित कोच का निरीक्षण किया।
इस बीच, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये इस घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
पोस्ट में कहा गया है, “नरेन्द्र मोदी के भारत में वंदे भारत ट्रेनों और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का जोर-शोर से उद्घाटन होता है, जबकि आम लोगों का भारत अब भी बुनियादी सुरक्षा मानकों के लिए संघर्ष कर रहा है।”
पार्टी ने कहा, “वास्तव में कितने भारतीय वंदे भारत ट्रेन का खर्च उठा सकते हैं? अधिकतर यात्री ट्रेनों में सफर करते हैं। उन्हें विलासिता की ज़रूरत नहीं है; उन्हें सुरक्षा चाहिए। फिर भी, रेलवे मार्गों के चार प्रतिशत से भी कम हिस्से पर ‘कवच’ योजना लागू है।
टीएमसी ने यह भी कहा कि लगभग 300 लोगों की जान लेने वाली बालासोर ट्रेन दुर्घटना के बाद विनम्रता और व्यापक सुधार की उम्मीद थी, लेकिन इसके बजाय सोशल मीडिया पर छवि सुधारने का अभियान चलाया गया।
भाषा जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


