प.बंगाल : हाबरा सीट पर बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक आगे
प.बंगाल : हाबरा सीट पर बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक आगे
कोलकाता, चार मई (भाषा) करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले में आरोपी एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक उत्तर 24 परगना जिले की हाबरा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार से 4,492 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मल्लिक को तीन दौर की मतगणना के बाद 16,613 मत मिले, जबकि भाजपा के देवदास मंडल को 12,121 मत प्राप्त हुए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के रिजिनंदन बिस्वास 5,521 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस सीट पर कुल 19 दौर की मतगणना होनी है।
करोड़ों रुपये के कथित राशन वितरण घोटाले में धन के लेन-देन की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मल्लिक को अक्टूबर 2023 में गिरफ्तार किया था। वह 14 महीने से अधिक समय तक हिरासत में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में 2011 से 2021 तक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग संभाल चुके मल्लिक उस समय राज्य के वन मंत्री थे, जब उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
चुनाव से पहले एक जनसभा के दौरान तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने मल्लिक को पूरा समर्थन देते हुए कहा था कि उन्हें ‘‘ईर्ष्या’’ के कारण गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार में किसी ने भी मल्लिक जितना अच्छा काम नहीं किया।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


