गृह मंत्रालय की मांग के बाद बंगाल सरकार ने सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्त का तबादला किया
गृह मंत्रालय की मांग के बाद बंगाल सरकार ने सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्त का तबादला किया
कोलकाता, 15 मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की हालिया उत्तर बंगाल यात्रा को लेकर हुए विवाद के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्त सी. सुधाकर को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने का अनुरोध करते हुए पत्र भेजे जाने के कुछ दिनों बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी का तबादला कर उन्हें खुफिया शाखा के आईजीपी के पद पर तैनात कर दिया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आईपीएस और डब्ल्यूबीपीएस अधिकारियों के फेरबदल के तहत सुधाकर को आईजीपी, खुफिया शाखा (उत्तर बंगाल) के रूप में स्थानांतरित करने वाली राज्य सरकार की अधिसूचना 14 मार्च को जारी की गई थी।
अधिसूचना में कहा गया है कि वर्तमान में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त के रूप में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के पद पर कार्यरत सुधाकर अब पदभार ग्रहण करने की तिथि से खुफिया शाखा (उत्तर बंगाल) में आईजीपी के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
इसमें कहा गया है कि जलपाईगुड़ी रेंज के डीआईजी के पद पर तैनात सैयद वकार रजा को डीआईजी रैंक में सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्त कार्यालय का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा के पास आयोजित नौवें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेने के लिए सात मार्च को मुर्मू की सिलीगुड़ी की यात्रा के दौरान विवाद हो गया था।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


