पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के कोलकाता पर हमले की धमकी पर मोदी चुप क्यों हैं : अभिषेक बनर्जी

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के कोलकाता पर हमले की धमकी पर मोदी चुप क्यों हैं : अभिषेक बनर्जी

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के कोलकाता पर हमले की धमकी पर मोदी चुप क्यों हैं : अभिषेक बनर्जी
Modified Date: April 6, 2026 / 08:13 pm IST
Published Date: April 6, 2026 8:13 pm IST

कोलकाता, छह अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बात को दोहराते हुए, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री द्वारा कोलकाता पर हमले की धमकी पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए चेतावनी दी थी कि भारत द्वारा ‘‘भविष्य में किसी भी प्रकार की दुस्साहस’’ की कोशिश का जवाब उनका देश कोलकाता पर हमला कर देगा।

सिलीगुड़ी में एक रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री और उनके वरिष्ठ मंत्रिमंडल सहयोगियों की चुप्पी की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस धमकी पर चुप हैं। वह (आसिफ) पाकिस्तान में बैठकर कोलकाता पर हमले की धमकी दे रहे हैं, जबकि मोदी कूचबिहार में चुनाव प्रचार कर रहे हैं और लोगों से तृणमूल को सत्ता से हटाने की अपील कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शाह हमें बांग्लादेशी और पाकिस्तानी करार देते हैं, और जब वे (पाकिस्तानी रक्षा मंत्री) कोलकाता पर हमला करने की धमकी देते हैं, तो वह मूक दर्शक की तरह बैठे रहते हैं। क्या यही आपका 56 इंच का सीना है?’’

केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘मोदी एकमात्र ऐसे नेता हैं जो सेना, सुरक्षा बलों और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कर रहे हैं, जबकि अन्य देश अपनी सेनाओं का इस्तेमाल बाहरी दुश्मनों से लड़ने के लिए करते हैं।’’

इससे पहले दिन में, नदिया जिले में एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने सवाल किया कि मोदी ने एक दिन पहले राज्य में अपनी चुनावी रैलियों के दौरान कोलकाता पर हमले की पाकिस्तान की धमकी का जवाब क्यों नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आप (प्रधानमंत्री) चुनावी रैलियों में बंगाल को निशाना बनाते हैं, लेकिन जब पाकिस्तान बंगाल पर हमले की बात करता है, तो आप चुप रहते हैं। आपको इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने बंगाल में अपनी रैली के दौरान यह मुद्दा क्यों नहीं उठाया? जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कोलकाता पर हमले की बात कही, तो प्रधानमंत्री ने यह क्यों नहीं कहा कि ‘हम कड़ी कार्रवाई करेंगे’।’’

भाषा सुभाष प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में