शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की हत्या, शव लोहे के संदूक में छिपाया

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की हत्या, शव लोहे के संदूक में छिपाया

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की हत्या, शव लोहे के संदूक में छिपाया
Modified Date: July 21, 2026 / 07:53 pm IST
Published Date: July 21, 2026 7:53 pm IST

जयपुर, 21 जुलाई (भाषा) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को लोहे के एक बंद संदूक में छिपा दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 18 जुलाई को सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में हुई, लेकिन चार दिन बाद संदूक से दुर्गंध आने पर मामले का खुलासा हुआ।

सूरजगढ़ के थाना प्रभारी राम सिंह यादव ने बताया कि 18 जुलाई को आरोपी कृष्ण कुमार जाट (40) का अपनी पत्नी सुलोचना (34) से शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था।

उन्होंने बताया, ‘‘महिला द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।’’

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने महिला के हाथ बांध दिए और शव को घर के अंदर रखे लोहे के संदूक में डालकर ताला लगा दिया, ताकि वारदात छिपाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि कुछ दिनों बाद जब संदूक से तेज दुर्गंध आने लगी तो आरोपी ने अपने एक परिचित को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली और मामला सामने आया।

थाना प्रभारी ने बताया,‘‘शव बंद संदूक के अंदर मिला है। उसे पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवाया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।’’

पुलिस के अनुसार घटना के समय दंपति का 16 वर्षीय बेटा घर पर नहीं था तथा जब वह वापस लौटा तो आरोपी ने उसे यह कहकर गुमराह किया कि उसकी मां कहीं चली गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया लेकिन हत्या किस तरीके से की गई और इसमें किस हथियार का इस्तेमाल हुआ, इसका अभी पता नहीं चल सका है।

यादव ने कहा,‘‘मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।’’

पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार और सुलोचना की शादी 2009 में हुई थी। मामले की जांच जारी है।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में