(फोटो सहित)
आसनसोल (पश्चिम बंगाल), नौ अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में “कट-मनी संस्कृति और तृणमूल कांग्रेस के सिंडिकेट राज को खत्म करने” का आश्वासन देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि अवैध कोयला और बालू खनन से जुड़ा माफिया राज राज्य के लोगों पर शिकंजा कस चुका है।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के आसनसोल स्थित पोलो ग्राउंड में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कोयला क्षेत्र से निकाले जाने वाले अवैध कोयले की कालाबाजारी ममता बनर्जी शासन के तहत अभूतपूर्व स्तर तक पहुंच गई है।
मोदी की बृहस्पतिवार को यह दूसरी रैली थी। इससे पहले उन्होंने पूर्वी मेदिनीपुर के बंदरगाह शहर हल्दिया में पहली रैली की थी जिसमें उन्होंने घोषणा की कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव जीतती है तो पश्चिम बंगाल की जनता को छह गारंटी दी जाएंगी। साथ ही उन्होंने ‘‘निर्मम’’ तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने की अपील की जो विकास की राह में ‘‘राज्य को पीछे धकेल रही है’’।
मोदी ने आसनसोल में रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आसनसोल का कोयला क्षेत्र अब तृणमूल के सिंडिकेट राज के अधीन है। अवैध कोयला, रेत और मिट्टी खनन में शामिल लोगों ने जनता पर अपना शिकंजा कस रखा है।’’
मोदी ने जोर दिया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन अपरिहार्य है क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के ‘‘पाप का घड़ा’’ भर गया है। उन्होंने बंगाल की प्रगति और विकास सुनिश्चित करने के लिए तृणमूल-मुक्त बंगाल की वकालत की।
प्रधानमंत्री ने मतगणना की तारीख का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘तृणमूल के पाप का घड़ा भर गया है। बंगाल ‘डबल इंजन’ वाली सरकार के लिए तरस रहा है। चार मई के बाद राज्य विकास के एक नए दौर में प्रवेश करेगा।’’
उन्होंने राज्य के ‘‘आर्थिक और औद्योगिक पतन’’ का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘राष्ट्रीय जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में बंगाल का योगदान पहले के 12 प्रतिशत से घटकर मात्र पांच प्रतिशत रह गया है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बंगाल में सत्ता परिवर्तन अब अपरिहार्य है और आसनसोल की जनता भी राज्य के अन्य सभी हिस्सों की तरह ही इसकी मांग कर रही है। यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने के लिए नहीं है, बल्कि आसनसोल को उसकी औद्योगिक शक्ति वापस दिलाने का अवसर है।’’
उन्होंने दावा किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद पश्चिम बंगाल नयी ऊंचाइयों को छुएगा। मोदी ने कहा, ‘‘कभी समृद्ध औद्योगिक क्षेत्र रहे आसनसोल से निवेश खत्म हो चुका है। केवल भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ही इसे सुधार सकती है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र ने आसनसोल में उद्योगों के पुनरुद्धार के लिए 45,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘तृणमूल ने बंगाल पर क्रूरता की है, जबकि भाजपा ने सत्ताधारी दल द्वारा खड़ी की गई बाधाओं के बावजूद आसनसोल का विकास किया।’’
मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि आसनसोल और दुर्गापुर दोनों में ‘मेगासिटी’ बनने की क्षमता है, और आश्वासन दिया कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार उस विकास को साकार करेगी।
उन्होंने दावा किया कि ‘‘एसिड अटैक के मामलों में बंगाल सबसे आगे है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘तृणमूल महिलाओं को प्रताड़ित करने वालों के साथ खड़ी है। केवल भाजपा ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।’’
मोदी ने कहा कि चार मई को तृणमूल के सत्ता से बेदखल होने के बाद बंगाल में ‘‘कानून का राज’’ स्थापित होगा। उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के हर गुंडे को पकड़ा जाएगा और उससे हिसाब लिया जाएगा। बंगाल को लूटने और बर्बाद करने वालों के लिए मेरा संदेश है कि जवाबदेही के लिए तैयार हो जाओ, क्योंकि हर दोषी को सजा भुगतनी पड़ेगी।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश