ओडिशा में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी ने महिला की पीट-पीटकर हत्या की

Ads

ओडिशा में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी ने महिला की पीट-पीटकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 08:57 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 08:57 PM IST

जाजपुर (ओडिशा), तीन जून (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में बुधवार को कथित तौर पर जमीन विवाद को लेकर एक पड़ोसी ने 50 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना धर्मशाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरोई गांव में हुई।

मृतका की पहचान नंदिनी देहुरी के रूप में हुई है और वह विधवा है जबकि आरोपी का नाम हरि देहुरी (30) है।

पुलिस के अनुसार, नंदिनी और हरि के परिवारों के बीच लंबे समय से एक आवासीय जमीन के टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था।

बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे हरि जबरदस्ती नंदिनी के घर में घुस गया और जमीन विवाद को लेकर उससे झगड़ा करने लगा।

पुलिस ने बताया कि तीखी बहस के दौरान हरि ने कथित तौर पर नंदिनी पर लोहे की छड़ से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जाजपुर रोड के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. के. पात्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के बेटे द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर हरि को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा, ‘हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं।’

पात्रा ने कहा, ‘संपत्ति विवाद को हत्या के पीछे का मकसद माना जा रहा है।’

भाषा

शुभम माधव

माधव