नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दिल्ली के मेहरम नगर इलाके में मंगलवार को एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आने से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और उनके परिजनों ने सड़क को अवरूद्ध कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतक महिला की पहचान जयवंती के रूप में हुई है, जो घरेलू सहायिका का काम करती थी। पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे उस समय हुआ जब जयवंती जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कर रही थी। घटना के वक्त वह घर जा रही थी।
सड़क पार करते समय उसे तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे में शामिल बीएमडब्ल्यू कार के चालक की पहचान मंडोली के प्रताप नगर निवासी दीपक (38) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा, ‘हमने चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।’
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध में सड़क को अवरूद्ध कर दिया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अर्धसैनिक बलों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
पुलिस ने बताया कि एक महिला को कार से टक्कर लगने की सूचना मिलने के बाद एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि घायल महिला को पहले ही डीडीयू अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि दीपक पिछले छह महीने से चालक के रूप में काम कर रहा है और दुर्घटना के समय अकेले हवाई अड्डे से लौट रहा था।
पीड़िता की बहू ने बताया कि उसकी सास घर लौट रही थी तभी कार ने उसे टक्कर मार दी और गाड़ी मौके से भाग गई।
उन्होंने कहा, ‘सूचना मिलने के बाद हम मौके पर पहुंचे और उन्हें सड़क पर गिरा देखा। मेरे पति तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचित किया। हम उनके लिए न्याय चाहते हैं।’
जयवंती की बेटी का आरोप है कि उसकी मां को टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया।
उन्होंने कहा, ‘हम उससे (चालक से) मिलना चाहते थे और उससे पूछना चाहते थे कि वह इतनी तेज गति से गाड़ी क्यों चला रहा था और इलाके से गुजरते समय उसने गाड़ी धीमी क्यों नहीं की। अगर वह सावधानी से और नियंत्रित गति से गाड़ी चला रहा होता, तो शायद इस घटना से बचा जा सकता था।’
पीड़िता के बेटे ने कहा, ‘इस क्षेत्र में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। हममें से कई लोगों ने ‘स्पीड ब्रेकर’ या यातायात सिग्नल की आवश्यकता के लिए अधिकारियों से मांग की है क्योंकि वाहन अक्सर इस क्षेत्र से तेज गति से गुजरते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमें बताया गया है कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन वह मेरी मां को टक्कर मारने के बाद मौके से भाग गया। वह कम से कम उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जा सकता था।”
बेटे ने कहा, ‘अगर मेरी मां को समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उनकी जान बच जाती। उसने मां को सड़क पर लहूलुहान छोड़ दिया। हम चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मेरी मां के लिए न्याय चाहते हैं।’
हादसे के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 (टी-3) और आसपास के इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई और गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क का एक हिस्सा अवरुद्ध कर दिया।
दिल्ली यातायात पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पुलिस कॉलोनी के सामने मेहरम नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के कारण एनएसजी रेड लाइट और टी-3 के बीच का सड़क मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के चलते वर्तमान में बंद है।’
महिपालपुर से टी-3 की ओर जाने वाले यात्रियों को महिपालपुर में एनएच-48 कट के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग लेने की सलाह दी गई।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश