बीएमडब्ल्यू की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने सड़क जाम की

बीएमडब्ल्यू की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने सड़क जाम की

बीएमडब्ल्यू की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने सड़क जाम की
Modified Date: August 11, 2026 / 07:10 pm IST
Published Date: August 11, 2026 7:10 pm IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दिल्ली के मेहरम नगर इलाके में मंगलवार को एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आने से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और उनके परिजनों ने सड़क जाम कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक महिला की पहचान जयवंती के रूप में हुई है, जो घरेलू सहायिका का काम करती थी। पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे उस समय हुआ जब जयवंती जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कर रही थी।

सड़क पार करते समय उसे तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे में शामिल बीएमडब्ल्यू कार के चालक की पहचान मंडोली के प्रताप नगर निवासी दीपक (38) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा, ‘हमने चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।’

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध में सड़क जाम कर दी, जिससे इलाके में यातायात बाधित हो गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अर्धसैनिक बलों सहित भारी संख्या पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) एक महिला को कार द्वारा टक्कर मारे जाने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि घायल महिला को पहले ही डीडीयू अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 (टी-3) और आसपास के इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई और गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क का एक हिस्सा अवरुद्ध कर दिया।

दिल्ली यातायात पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पुलिस कॉलोनी के सामने मेहरम नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के कारण एनएसजी रेड लाइट और टी-3 के बीच का सड़क मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के चलते वर्तमान में बंद है।’

महिपालपुर से टी-3 की ओर जाने वाले यात्रियों को महिपालपुर में एनएच-48 कट के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग लेने की सलाह दी गई है।

यातायात पुलिस ने कहा कि टी-3 से टी-1, धौला कुआं और महिपालपुर की ओर आने वाली गाड़ियों को धौला कुआं कट से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जा रहा है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में