प्रयागराज के न्यूरो सर्जन के खिलाफ महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई

प्रयागराज के न्यूरो सर्जन के खिलाफ महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई

प्रयागराज के न्यूरो सर्जन के खिलाफ महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई
Modified Date: April 3, 2026 / 12:54 pm IST
Published Date: April 3, 2026 12:54 pm IST

प्रयागराज, तीन अप्रैल (भाषा) प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना अंतर्गत न्यूरो सर्जन डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा के खिलाफ एक महिला मरीज ने गलत नीयत से छूने और मर्यादा भंग करने की इरादे से वस्त्र उतरवाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।

सिविल लाइंस थाना की पुलिस ने डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला), धारा 76 (महिला को निर्वस्त्र होने को मजबूर करना) और धारा 127(2) (अवैध रूप से हिरासत में रखना) के तहत बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि वह अपने भाई के साथ बुधवार की रात 10 बजे डॉक्टर शर्मा के पास इलाज कराने आई थी। उसका नंबर काफी बाद में आने वाला था, इसलिए उसका भाई घर चला गया था।

महिला का आरोप है कि नंबर आने पर जब वह डॉक्टर के केबिन में गई तो डॉक्टर ने केबिन में मौजूद अन्य मरीजों को बाहर कर दिया और केबिन के दोनों दरवाजे बंद कर दिए और उसके ऊपर के कपड़े उतरवाकर उससे छेड़खानी की।

वहीं, डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा ने इन आरोपों पर कहा, ‘‘महिला ने ये आरोप क्यों लगाए हैं मुझे नहीं पता क्योंकि वह पिछले तीन-चार महीने से मुझसे इलाज करा रही है। जनवरी महीने में वह मेरे अस्पताल में भर्ती भी हुई थी जहां मनोचिकित्सक सौरभ टंडन और मैंने उसका इलाज किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस महिला का व्यवहार आक्रामक रहता है और कभी इसके शरीर के किसी भाग में झनझनाहट शुरू हो जाती है, नींद नहीं आती है और वह अवसाद में चली जाती है। बुधवार को इसने शरीर के बांये हिस्से में झनझनाहट होने की शिकायत करते हुए जांच करने का आग्रह किया।’’

डॉक्टर शर्मा ने कहा, ‘‘इसके बाद एक महिला अटेंडेंट को दरवाजे पर खड़ा करके इस महिला को देखा गया, इसके चेहरे और पेट को देखा गया। यह पूरी प्रक्रिया एक-डेढ मिनट में पूरी हो गई थी। कोई भी सीसीटीवी देख सकता है। अगर कुछ गलत होता तो वह शोर जरूर मचाती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे ऐसा लगता है कि कुछ लोगों ने इस महिला को आरोप लगाने के लिए उकसाया है। महिला मनोरोगी है और वह कुछ भी आरोप लगा सकती है।’’

भाषा राजेंद्र मनीषा सुरभि

मनीषा


लेखक के बारे में

"दीपक दिल्लीवार, एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 10 साल का एक्सपीरिएंस है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ऑनलाइन समाचार वेबसाइट से की थी, जहां उन्होंने राजनीति, खेल, ऑटो, मनोरंजन टेक और बिजनेस समेत कई सेक्शन में काम किया। इन्हें राजनीति, खेल, मनोरंजगन, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और बिजनेस से जुड़ी काफी न्यूज लिखना, पढ़ना काफी पसंद है। इन्होंने इन सभी सेक्शन को बड़े पैमाने पर कवर किया है और पाठकों लिए बेहद शानदार रिपोर्ट पेश की है। दीपक दिल्लीवार, पिछले 5 साल से IBC24 न्यूज पोर्टल पर लीडर के तौर पर काम कर रहे हैं। इन्हें अपनी डेडिकेशन और अलर्टनेस के लिए जाना जाता है। इसी की वजह से वो पाठकों के लिए विश्वसनीय जानकारी के सोर्स बने हुए हैं। वो, निष्पक्ष, एनालिसिस बेस्ड और मजेदार समीक्षा देते हैं, जिससे इनकी फॉलोवर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काम के इतर बात करें, तो दीपक दिल्लीवार को खाली वक्त में फिल्में, क्रिकेट खेलने और किताब पढ़ने में मजा आता है। वो हेल्दी वर्क लाइफ बैलेंस करने में यकीन रखते हैं।"