झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर, नौ जुलाई (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक महिला से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने वारदात के छह घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम कुमार खंडेलवाल ने बताया कि रात करीब एक बजे सूचना मिली कि एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और महिला को एमजीएम अस्पताल ले गई।
खंडेलवाल ने कहा कि महिला ने हालत स्थिर होने के बाद पुलिस को बताया कि दो युवक उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर डिमना झील और मिर्जाडीह की ओर ले गए, जहां उन्होंने उसे जबरन शराब पिलाई और दुष्कर्म करने की कोशिश की।
एसपी ने बताया कि जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई की और उसे सिमुलडांगा में एक सुनसान स्थान पर ले जाकर जबरन शराब पिलाने के बाद बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने घटना के छह घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। घटनास्थल से शराब की बोतलें और ‘डिस्पोजेबल’ गिलास भी जब्त किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


