कुरुक्षेत्र में महिला ने पति की हत्या की; आंतें बैग में रखीं, लिवर और किडनी गायब मिले

कुरुक्षेत्र में महिला ने पति की हत्या की; आंतें बैग में रखीं, लिवर और किडनी गायब मिले

कुरुक्षेत्र में महिला ने पति की हत्या की; आंतें बैग में रखीं, लिवर और किडनी गायब मिले
Modified Date: August 24, 2026 / 01:13 pm IST
Published Date: August 24, 2026 1:13 pm IST

कुरुक्षेत्र, 24 अगस्त (भाषा) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक महिला ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने पति का पेट काटकर उसकी हत्या कर दी और उसके आंतो को एक प्लास्टिक बैग में रख दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला छत से नीचे कूद गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में मृतक के लीवर का एक हिस्सा और दाहिनी किडनी गायब मिली, जिसके बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंगों के गायब होने का हत्या से कोई संबंध है या नहीं। छत से गिरने से गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है।

घटना शनिवार को पेहोवा रोड पर राज पैलेस के पास स्थित एक किराये के मकान में हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के धामपुर गांव निवासी राजेश (40) के रूप में हुई है। वह करीब एक साल से अपनी पत्नी विमला देवी के साथ वहां रह रहा था और एक कंपनी में जलापूर्ति कर्मचारी के रूप में काम करता था।

मकान मालिक रिंकू के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे उसने दंपति को चिल्लाते हुए सुना। उसने पुलिस को बताया कि जब वह छत पर पहुंचा तो राजेश लहुलूहान अवस्था में पड़ा था और उसके पेट पर गहरे घाव थे। रिंकू ने कथित तौर पर देवी को राजेश की बाहर निकली आंतों को प्लास्टिक की थैली में रखते हुए देखा।

मकान मालिक को देखते ही देवी कथित तौर पर घबरा गई और छत से कूद गई। उसे गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से अलग-अलग आकार के तीन चाकू बरामद किए हैं।

पोस्टमार्टम जांच से मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि मृतक के लीवर का करीब आधा हिस्सा और दाहिनी किडनी गायब थी।

उन्होंने बताया कि पेट पर करीब 37 सेंटीमीटर लंबा गहरा चीरा पाया गया और घाव से आंतें बाहर निकली हुई थीं।

पुलिस गायब अंगों के बारे में पता लगा रही है और यह भी जांच कर रही है कि उनका गायब होना हत्या से जुड़ा है या नहीं।

मकान मालिक के अनुसार, देवी ‘झाड़-फूंक’ यानी पारंपरिक उपचार और तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियां करती थी तथा दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

दंपति की शादी कई साल पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। हालांकि, पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

आदर्श पुलिस थाने के प्रभारी (एसएचओ) सुरेंद्र संधू ने बताया कि देवी का इलाज जारी है और उसकी हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

पुलिस ने कहा कि महिला से पूछताछ के लिए चिकित्सकीय रूप से उसके स्वस्थ होने के बाद हत्या के पीछे की सही वजह और घटनाक्रम का पता चलने की उम्मीद है।

भाषा राखी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में