देहरादून में महिला की हत्या, आरोपी पति फरार

देहरादून में महिला की हत्या, आरोपी पति फरार

देहरादून में महिला की हत्या, आरोपी पति फरार
Modified Date: September 21, 2026 / 12:25 pm IST
Published Date: September 21, 2026 12:25 pm IST

देहरादून, 21 सितंबर (भाषा) देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि स्वयं पुलिस को फोन से घटना की सूचना देने के बाद आरोपी धीरज पंवार मौके से फरार हो गया ।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) अंकित कंडारी ने बताया कि सुबह छह बजे पंवार ने नियंत्रण कक्ष को फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी लेकिन इसके बाद जब क्लेमेंटाउन पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका फोन बंद मिला।

उन्होंने बताया कि जिस स्थान से फोन किया गया था, उसका पता लगाकर पुलिस सुभाष नगर में सत्य साईं मंदिर के पास एक भूखंड में पहुंची, जहां बने एक कमरे को खोलने पर उसमें एक महिला का शव बरामद हुआ।

कंडारी ने बताया कि महिला की पहचान काजल पंवार (26) के रूप में हुई।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल के पास ही महिला का भाई अभिषेक रहता है। उसने बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।

उन्होंने बताया कि यह परिवार उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र का रहने वाला है।

अभिषेक की तहरीर पर पंवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और मौके से आवश्यक सबूत इकट्ठा कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कंडारी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

भाषा दीप्ति

वैभव सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में