चाईबासा (झारखंड), दो जून (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक पुराने झगड़े को लेकर 45 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राफेल मुर्मू ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना सोमवार को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडखोरी गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी पुडवा उर्फ़ चोक सिंकू (33) पीड़िता शूरु गोपे को किसी काम के बहाने सुनसान जगह पर ले गया और रसोई में इस्तेमाल किए जाने वाले चाकू से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
मुर्मू ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करके अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या करने की बात कबूल की है।
भाषा
प्रचेता अमित
अमित