पारादीप, 23 फरवरी (भाषा) ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के पारादीप बंदरगाह शहर में चार मंजिला इमारत के पास एक महिला का निर्वस्त्र शव बरामद हुआ है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि शव सोमवार सुबह बरामद किया गया था और महिला की मौत संभवतः रविवार रात हुई होगी। पुलिस को संदेह है कि महिला की मौत तारिनीगोडा स्थित इमारत की छत से गिरने के बाद हुई।
पुलिस ने बताया, ‘‘उसके कपड़े इमारत के बीचोंबीच बाहरी दीवार के साथ लगी गैस पाइपलाइन पर लटके हुए मिले।’’
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृति रंजन कर ने बताया कि पुलिस ने भवन की मालकिन समेत आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
उन्होंने बताया कि वह स्थानीय महिला नहीं थी और अभी तक किसी ने भी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सुरेश शोभना
शोभना