Meerut Fire Incident | Photo Credit: IBC24
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कपड़ा कारोबारी के घर भीषण आग (Meerut Fire Incident) लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत हो गई। इनमें 5 बच्चे शामिल थे। जिनमें जुड़वां बेटियां भी थीं। दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
Meerut Fire Incident मिली जानकारी के अनुसार, घटना किदवई नगर इलाके की है। जहां एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन गई। मकान के निचले हिस्से में रेडीमेड कपड़ों का गोदाम बना हुआ था, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच पहली मंजिल पर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। नीचले हिस्से के कपड़े गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था। जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में भयानक रूप ले लिया। धुआं तेजी से पूरे मकान में भर गया और सीढ़ियों तक लपटें पहुंच गईं, जिससे ऊपर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर सके।
जब इसकी नजर पड़ोसियों को पड़ी तो पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। इलाका संकरी गलियों वाला है, इसलिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर नहीं जा सकीं। फायर फाइटर्स को पड़ोसी घरों की छतों से होकर मकान तक पहुंचना पड़ा। उन्होंने सामने वाले मकान से सीढ़ियां लगाकर अंदर जाकर लोगों को निकालने की कोशिश की। करीब 30 मिनट तक परिवार लपटों में फंसा रहा। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को लगभग 2 घंटे लगे। बचाव के दौरान इकबाल की मां अमीर बानो और एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कपड़ा कारोबारी इकबाल उर्फ आसिम अपने भाई फारुख के साथ नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने मस्जिद में मौजूद परिवार के पुरुषों को खबर दी। आसिम और उनके पिता बदहवास हालत में घर पहुंचे और अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि वे आगे नहीं बढ़ सके। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग बेकाबू होती चली गई।