भारत में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप वैश्विक पहचान बना रहे हैं: जितेंद्र सिंह
भारत में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप वैश्विक पहचान बना रहे हैं: जितेंद्र सिंह
नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत में महिलाओं के नेतृत्व वाले कुछ स्टार्टअप वैश्विक स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
सिंह ने कहा कि इतना ही नहीं, अंतरिक्ष जैसे कठिन क्षेत्र में भी महिलाओं के नेतृत्व वाली परियोजनाओं की दुनिया भर में सराहना की गई है। उन्होंने भारत के सौर मिशन ‘आदित्य एल 1’ का उदाहरण दिया, जिसका नेतृत्व निगार शाजी कर रही हैं और उन्हें इसरो की ‘सनी लेडी’ के रूप में जाना जाता है।
कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा, “महिलाओं के नेतृत्व में विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन एजेंडे की एक प्रमुख प्राथमिकता है, जिसका दृष्टिकोण यह है कि महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप आने वाले वर्षों में भारत को वैश्विक मानचित्र पर स्थान दिलाएंगे और हमारी महिला उद्यमियों में इस लक्ष्य को साकार करने की क्षमता है।”
सिंह ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री-लेडीज ऑर्गनाइजेशन’ (फिक्की-एफएलओ) के एक प्रतिनिधिमंडल से बात कर रहे थे जिसका नेतृत्व इसकी वाईएफएलओ (यंग फिक्की लेडीज ऑर्गनाइजेशन) दिल्ली की अध्यक्ष पायल कनोडिया ने किया।
सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में महिला उद्यमिता को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है।
भाषा
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


