थूकने के वीडियो को लेकर महिला आयोग ने जावेद हबीब को तलब किया

Ads

थूकने के वीडियो को लेकर महिला आयोग ने जावेद हबीब को तलब किया

  •  
  • Publish Date - January 7, 2022 / 05:57 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:14 PM IST

नयी दिल्ली, सात जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग ने उस कथित वीडियो को लेकर जानेमाने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब को आगामी 11 जनवरी को तलब किया है, जिसमें वह एक महिला के बाल पर थूकते हुए दिख रहे हैं।

आयोग ने इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस से भी कहा कि वह इस वीडियो की सत्यता की जांच करे। यह घटना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान की है।

महिला आयोग ने हबीब को भेजे सम्मन में कहा कि उसने घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है।

आयोग ने कहा कि हबीब 11 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे उसके समक्ष उपस्थित हों और स्पष्टीकरण दें।

महिला आयोग के मुताबिक, यह घटना केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी कोविड संबंधी दिशानिर्देशों का भी उल्लंघन है और ऐसे में लोगों के बीच थूकना दंडनीय अपराध भी है।

वीडियो में दिख रहा है कि जावेद महिला के बाल पर थूक रहे हैं और यह भी कहते सुने जा रहे हैं कि ‘जब पानी की कमी हो तो थूक का इस्तेमाल करिये।’ इसमें वहां मौजूद लोग हंसते देखे जा सकते हैं।

विवाद खड़ा होने के बाद हबीब ने माफी मांग ली।

उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘कुछ शब्दों की वजह से लोग आहत हुए है। मैं कहना चाहता हूं कि ये पेशेवर कार्याशालाएं होती हैं और लंबे शो होते हैं, ऐसे में हमें लोगों के साथ थोड़ा हंसी-मजाक करना होता है। मैं क्या कह सकता हूं? अगर आप लोग आहत हुए हैं, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। कृपया मुझे माफ करें।’’

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप