नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना में पुरानी दुश्मनी को लेकर 22 वर्षीय युवक की हत्या करने के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 16 और 17 साल की उम्र के दोनों आरोपियों को घटना के कुछ घंटों के भीतर पकड़ लिया गया और उनके पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो देसी तमंचे, चार कारतूस और कारतूस के आठ खाली खोखे बरामद किए गए हैं।
उनके मुताबिक, पुलिस को बृहस्पतिवार को पूठ खुर्द में गोलीबारी की सूचना मिली। फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल सवार दो लड़कों ने उसके भाई को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
बवाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान, किशोरों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उन्होंने पुरानी दुश्मनी के कारण केशव को निशाना बनाया था और बदला लेने के लिए हत्या को अंजाम दिया।
जांचकर्ताओं के अनुसार, दोनों को एक कथित साजिशकर्ता ने तमंचे उपलब्ध कराए थे और उन्होंने स्कूल के पास केशव का इंतजार किया था।
पुलिस ने कहा कि जब वह अपनी मोटरसाइकिल पर पहुंचा तो एक किशोर ने उसे रोक लिया और दोनों ने उसे गोली मार दी। तीसरे आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश