त्रिपुरा में युवा कांग्रेस का नेता गिरफ्तार
त्रिपुरा में युवा कांग्रेस का नेता गिरफ्तार
अगरतला, पांच जनवरी (भाषा) त्रिपुरा प्रदेश युवा कांग्रेस (टीपीवाईसी) के नेता शाहजहां इस्लाम को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस्लाम दो प्राथमिकियों के सिलसिले में गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले छह महीने से फरार था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राज्य समिति कोषाध्यक्ष नागधिराज दत्ता ने इस्लाम पर ‘फेसबुक लाइव’ के दौरान मुख्यमंत्री माणिक साहा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने और आठ जून 2025 को पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता बिलाल मियां ने भी उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में इस्लाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सदर उपमंडल पुलिस अधिकारी डीपी रॉय ने संवाददाताओं को बताया, “खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने आज (सोमवार को) शहर के बाहरी इलाके जॉयपुर में छापेमारी कर इस्लाम को गिरफ्तार किया।”
उन्होंने बताया कि इस्लाम के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और उसे पुलिस रिमांड के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
इससे पहले, इस्लाम के पिता खैरूल इस्लाम और भाई नजरूल इस्लाम को भी इन्हीं मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में दोनों को जमानत मिल गई थी।
त्रिपुरा विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने इस्लाम के पिता और भाई के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे विपक्ष की आवाज को दबाने का एक सुनियोजित प्रयास बताया था।
भाषा जितेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


