केरल के युवा केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि भविष्य के नवोन्मेषक हैं: सुरेश गोपी
केरल के युवा केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि भविष्य के नवोन्मेषक हैं: सुरेश गोपी
कोच्चि (केरल), 27 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने शुक्रवार को कहा कि केरल के युवा केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि भविष्य के नवोन्मेषक हैं।
उन्होंने यहां अंगमाली स्थित ‘फेडरल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नॉलोजी’ में अत्याधुनिक भविष्य कौशल केंद्र का उद्घाटन करने के बाद एक फेसबुक पोस्ट में यह टिप्पणी की।
केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गेस एवं पर्यटन राज्य मंत्री गोपी ने पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे युवा अब केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि कल के नवोन्मेषक हैं। यह केंद्र महज एक सुविधा नहीं बल्कि लॉन्चपैड है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कृत्रिम मेधा, रोबोटिक्स और उन्नत डिजिटल प्रौद्योगिकियों में महारत हासिल करके, केरल के हमारे विद्यार्थी न केवल वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे, बल्कि नेतृत्व भी करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि केरल और भारत के लिए उनका दृष्टिकोण ‘‘शिक्षा और उद्योग के बीच की खाई को पाटना’’ है ताकि हर विद्यार्थी आधुनिक विश्व की मांगों के अनुरूप कौशल से लैस हो।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


