नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाएं युवा : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Ads

नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाएं युवा : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 07:59 PM IST

जयपुर, दो अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाने और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को देशभर में नशे के खिलाफ युवाओं को जागरुक करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। मुख्यमंत्री शर्मा ने उदयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘युवाओं को नशामुक्त, अनुशासित और विचारशील बनना चाहिए तथा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, क्षमता और सामर्थ्य का उपयोग सकारात्मक दिशा में करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं के व्यवहार में बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम साबित होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक यह अभियान जनभागीदारी के साथ देशव्यापी जन आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि माई भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), युवा क्लबों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सामाजिक और आध्यात्मिक संगठनों के स्वयंसेवक इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

शर्मा ने कहा कि इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह के पड़ाव पर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘‘ऊर्जावान, जागरुक और नशामुक्त युवा शक्ति’’ देश की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की प्रमुख प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के कॉलेजों, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 350 से अधिक ‘नयी किरण’ नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ‘राज सवेरा’ कार्यक्रम के तहत जिला अस्पतालों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए कई पहल कर रही है। इसके तहत एक समर्पित पोर्टल और नेतृत्व तथा नवाचार पर केंद्रित नई युवा नीति भी शुरू की गई है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने उदयपुर स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय में महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के तहत ‘नारी शक्ति रैली’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिसकर्मी, घुड़सवार पुलिस दल, एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं और महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण पर आधारित झांकियां शामिल थीं।

इस कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत