75 साल के बुजुर्ग बेटे को वृद्धाश्रम भेजना चाहते हैं 102 साल के युवा पिता

75 साल के बुजुर्ग बेटे को वृद्धाश्रम भेजना चाहते हैं 102 साल के युवा पिता

75 साल के बुजुर्ग बेटे को वृद्धाश्रम भेजना चाहते हैं 102 साल के युवा पिता
Modified Date: December 3, 2022 / 11:24 pm IST
Published Date: December 3, 2022 11:24 pm IST

कहानी दिलचस्प है क्योंकि पहली बार इस थीम को लेकर किसी फिल्मकार ने फिल्म बनाने की सोची और बनाई है। 102 साल के बुजुर्ग ने कम से कम 16 साल और जीने की ठान रखी है क्योंकि उनका लक्ष्य है 118 साल जीवित रहने के रिकॉर्ड को ब्रेक करना। इसी सीन और डायलॉग के साथ 102 नॉट आउट के ट्रेलर में मेगास्टार अमिताभ बच्चन की एंट्री होती है। अमिताभ एक ऐसे पिता के किरदार में हैं, जिनका बेटा 75 साल का है और एक थके-हारे बुजुर्ग की तरह व्यवहार करता है। बेटे को जब तक जियो, मस्ती से जियो का सबक सिखाने के लिए पिता अपने बेटे को वृद्धाश्रम में भेजने की धमकी देते हैं और धमकी ही नहीं बल्कि बाकायदा फोन करके आश्रम को बताते भी हैं कि वो पिता हैं और अपने 75 साल के बेटे को वहां भेजना चाहते हैं। इससे पहले कि 102 नॉट आउट के बारे में हम आपको कुछ और बताएं, एक बार खुद देख लीजिए, इसका ट्रेलर और आपके देखने से पहले ही हम बता दें कि पहले सीन से आखिरी सीन तक आपकी नज़रें नहीं हटेंगी और चेहरे पर एक हंसी बिखर आएगी, तो देखिए ये वीडियो..

अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर बॉलीवुड के मंजे कलाकार हैं और इन दोनों की केमिस्ट्री भी दमदार है। अमर, अकबर, एंथनी में अकबर के किरदार में ऋषि कपूर और एंथनी की भूमिका में अमिताभ थे। इसके बाद नसीब, कुली, अजूबा में भी दोनों साथ आए। 102 नॉट आउट से पहले अजूबा इस जोड़ी की आखिरी फिल्म थी। अब करीब छब्बीस साल बाद एक बार फिर अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर 102 नॉट आउट में एक साथ दिखने जा रहे हैं। बताया जाता है कि 102 साल के पिता के रोल के लिए निर्देशक उमेश शुक्ला ने अमिताभ का नाम तो पहले से तय कर रखा था, लेकिन 75 साल के बेटे के लिए पहले वो परेश रावल को लेना चाहते थे। बाद में उन्हें लगा कि अमिताभ-ऋषि की कभी बेहद हिट रही जोड़ी को आजमाया जा सकता है और इस तरह दोनों लीड किरदारों को चुना गया। 

ये भी पढ़ें- हॉट गिजेल ठकराल कुछ छिपाने की कोशिश में

दो मिनट 55 सेकंड के इस ट्रेलर में एक ओर दर्शकों को जहां दोनों कलाकारों की दमदार एक्टिंग दिखेगी, वहीं इसका एक-एक डॉयलॉग सीधे दिल में उतर जाता है। कॉमेडी के साथ-साथ इमोशन का बेहद संजीदा मिश्रण निर्देशक ने किया है। अमिताभ का एक डॉयलॉग है- औलाद नालायक निकले तो उसे भूल जाना चाहिए, सिर्फ उसका बचपन याद रखना चाहिए। उस वक्त आपकी हंसी नहीं थमेगी, जब अमिताभ अपने बेटे ऋषि कपूर को लव लेटर लिखने को कहते हैं। ये लव लेटर ऋषि कपूर को अपनी पत्नी के नाम लिखना है क्योंकि अमिताभ उन्हें समझाते हैं कि अगर वो अपनी पत्नी को लव लेटर नहीं लिखेंगे तो दूसरा कौन उनकी पत्नी को लिखेगा? 

ये भी पढ़ें- टाइगर और दिशा ने दिल्ली के जी एल बजाज कॉलेज में हेलिकॉप्टर से ली धमाकेदार एंट्री

निर्देशक उमेश शुक्ला पहले ही ओह माय गॉड से बॉलीवुड और दर्शकों में अपनी पहचान बना चुके हैं, साथ ही अवार्ड भी जीत चुके हैं। इस फिल्म में भी जिस तरह से उन्होंने अमिताभ और ऋषि कपूर जैसे कलाकारों से काम लिया है, वो दर्शकों का दिल जीत सकता है। हालांकि अभी सिर्फ ट्रेलर रिलीज हुई है, इसलिए ये देखना अभी बाकी है कि जिस तरह से ये ट्रेलर दर्शकों को बांधने में कामयाब दिख रही है,

 

फिल्म भी ऐसा कर पाने में कामयाब होगी या नहीं? तो इसके लिए कीजिए बस कुछ हफ्तों का इंतजार क्योंकि 102 नॉट आउट 4 मई को रिलीज हो रही है।

वेब डेस्क, IBC24


लेखक के बारे में