Drishyam 3 movie / Image Source : X
एंटरटेनमेंट डेस्क : Drishyam 3 movie मलयालम सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार मोहनलाल की सबसे चर्चित फिल्म ‘दृश्यम 3’ आज गुरुवार, 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म के जरिए मोहनलाल एक बार फिर अपने आइकोनिक किरदार जॉर्जकुट्टी के रूप में बड़े पर्दे पर वापस लौटे हैं, जबकि निर्देशन की कमान फिर से जीतू जोसेफ ने संभाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी क्रेज देखने को मिल रहा है और अपनी रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने प्री-सेल्स के जरिए 35 करोड़ रुपये की बंपर कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है।
‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग ने कमाई के कई पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है । BookMyShow के अनुसार , रिलीज से पहले ही फिल्म के 5 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके थे, जिसके साथ ही यह पैट्रियट फिल्म को पछाड़कर अब तक की दूसरी सबसे बड़ी मलयालम प्री-सेलर फिल्म बन गई है। इस मामले में पहले नंबर पर मोहनलाल और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म L2 एम्प्रान है।
फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है कि वैश्विक स्तर पर दृश्यम 3 के 10 लाख से अधिक टिकट पहले ही बेचे जा चुके हैं। फिल्म की कहानी ‘दृश्यम 2’ की घटनाओं के कुछ साल बाद से शुरू होती है, जहां जॉर्जकुट्टी का परिवार एक बार फिर अपने अतीत के खौफनाक राज के सामने आने के डर से जूझता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि आज 21 मई को सुपरस्टार मोहनलाल का 66वां जन्मदिन भी है, जिससे फैंस के लिए यह मौका और भी दोगुना खास हो गया है।
फिल्म की रिलीज के साथ ही डायरेक्टर जीतू जोसेफ ने सोशल मीडिया पर आशीर्वाद सिनेमाज का एक पोस्ट रीपोस्ट करते हुए फैंस से अपील की है कि वे सिनेमाघरों से निकलने के बाद सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के स्पॉयलर शेयर न करें, ताकि बाकी दर्शक भी इस बेहतरीन सस्पेंस थ्रिलर का पूरा आनंद ले सकें।