मुंबई। हॉकी किंवदंती संदीप सिंह पर आधारित बायोपिक “सूरमा” साल की सबसे प्रेरणादायक फ़िल्म में से एक है। संदीप सिंह की प्रभावित कर देने वाली कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए हर कोई बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है बता दें कि इस फिल्म को पर्दे पर उतारने के लिए निर्देशक शाद अली को बेहद मेहनत करनी पड़ी है।
इसकी एक खास वजह थी कि वे चाहते थे फ़िल्म में दिखाई जाने वाली हर चीज़ शत प्रतिशत सही हो इसलिए उन्होंने संदीप सिंह के जीवन से जुड़ी हर बारीकी को ध्यान में रखते हुए सुरमा तैयार किया। शाद और उनकी टीम ने संदीप सिंह के सभी मैच की फुटेज देखी जिसमें उन्हें मैदान पर कई महत्वपूर्ण क्षण देखने मिले।
ऐसा ही एक वाक्य वो था जब अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद संदीप सिंह पूरी टीम से काफ़ी प्रभावित थे और यह क्षण उनके लिए भावनात्मक रूप से काफ़ी महत्त्वपूर्ण था। ऐसे में निर्देशक शाद की फ़िल्म में इस पल को हूबहू फिर से दोहराया गया है।यह मैच में बनाए गए कई क्षणों में से एक है और ऐसे ही कई वाक्यों से जुड़ी और अधिक तस्वीरें जल्द ही रिलीज की जाएगी। “सूरमा” में संदीप सिंह के संघर्ष और हॉकी किंवदंती बनने के उनके सफ़र को वास्तविकता देने के लिए, फ़िल्म को संदीप के होमटाउन शाहबाद में फ़िल्माया गया है।
हाल ही में रिलीज हुए सूरमा एंथम में संदीप के जाबांज ज़ज़्बे ने फ़िल्म के प्रति दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है।संदीप सिंह की प्रेरणादायक कहानी ने निर्माताओं को इसे बड़े पर्दे पर लाने के लिए मजबूर कर दिया। शाद अली द्वारा निर्देशित फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ तापसी पन्नू और अंगद बेदी मुख्य भूमिका में नज़र आएंगे।”सूरमा” सोनी पिक्चर्स नेटवर्क प्रोडक्शंस, चित्रांगदा सिंह और दीपक सिंह द्वारा निर्मित है। संदीप सिंह के जीवन पर आधारित “सूरमा” 13 जुलाई, 2018 को नज़दीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
वेब डेस्क IBC24