डॉलर इंडेक्स मजबूत होने और फेडरल रिजर्व की आक्रामक रुख से सोना वायदा कीमतों में गिरावट

Ads

डॉलर इंडेक्स मजबूत होने और फेडरल रिजर्व की आक्रामक रुख से सोना वायदा कीमतों में गिरावट

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:49 PM IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) डॉलर के मजबूत होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के संकेतों के बीच, मंगलवार को सोने की शुरुआती तेजी खत्म हो गई और वायदा कारोबार में इसकी कीमत 914 रुपये टूटकर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जिससे निवेशक सतर्क बने रहे।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर माह में आपूर्ति वाला अनुबंध मजबूत रुख के साथ खुला और 403 रुपये की तेजी के साथ 1,53,497 रुपये प्रति 10 ग्राम के दिन के उच्चतम स्तर को छू गया।

बाद में इस अनुबंध का रुख पलट गया और यह 914 रुपये यानी करीब एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,52,180 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी फंडामेंटल की विश्लेषक, पिंकी यादव ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व के सख्त रुख वाले बयानों के बाद डॉलर इंडेक्स के लगभग 100.3 तक मजबूत होने से एमसीएक्स में सोने की कीमतों में गिरावट और बढ़ गई है। इन बयानों से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, भले ही अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड प्रतिफल घटकर 4.95 प्रतिशत रह गई है।’’

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के कारण सोना वायदा कीमतों में गिरावट आई।

वैश्विक बाजार, न्यूयॉर्क में दिसंबर अनुबंध वाले कॉमेक्स सोना वायदा 28.45 डॉलर यानी लगभग एक प्रतिशत टूटकर 4,355.45 डॉलर प्रति औंस रह गया।

भाषा राजेश राजेश

राजेश