IBC24 Swarna Sharda Scholarship 2026: 95.40 प्रतिशत लाकर श्रुति शर्मा ने किया कोरबा का नाम रोशन, IBC24 ने स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप से किया सम्मानित, अब विज्ञान के क्षेत्र में बनाएंगी करियर
IBC24 Swarna Sharda Scholarship 2026: 95.40 प्रतिशत लाकर श्रुति शर्मा ने किया कोरबा का नाम रोशन, IBC24 ने स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप से किया सम्मानित, अब विज्ञान के क्षेत्र में बनाएंगी करियर
कोरबा। IBC24 Swarna Sharda Scholarship 2026: यदि एक आदमी शिक्षित होता है तो केवल एक व्यक्ति शिक्षित होता है, लेकिन जब एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है। कुछ इन्हीं भावों और विचारों के साथ मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का नंबर वन न्यूज चैनल IBC24 हर वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ठ अंक अर्जित करने वाली बेटियों को स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप (IBC24 Swarna Sharda Scholarship 2026) प्रदान करता है। स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप केवल एक स्कॉलरशिप ही नहीं हैं, बल्कि यह उन बेटियों के भविष्य के लिए अंशदान है, जो समाज और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बने हैं। इस बार भी छत्तीसगढ़ की 12वीं की बोर्ड परीक्षा में स्टेट टॉपर बेटी को 1 लाख रुपए, उनके स्कूल को 1 लाख रुपए और जिले में प्रथम आने वाली बेटियों को 50-50 हजार रुपए प्रदान किया गया। सम्मान पाने वालों में कोरबा जिले के कटघोरा की श्रुति शर्मा भी शामिल है।
500 में से 477 अंक प्राप्त कर हासिल किया पहला स्थान
आज बात उस बेटी की, जिसने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से न सिर्फ अपने परिवार का बल्कि पूरे कोरबा जिले का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95.40 प्रतिशत अंक हासिल कर मेरिट सूची में स्थान बनाने वाली कोरबा जिले की इकलौती छात्रा श्रुति शर्मा आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। जय भारत इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, कटघोरा की छात्रा श्रुति शर्मा ने 500 में से 477 अंक प्राप्त कर जिले में छात्राओं के बीच पहला स्थान हासिल किया।
पिता और पूरे परिवार ने हर कदम पर बढ़ाया हौसला
उनकी इस उपलब्धि के पीछे कड़ी मेहनत, परिवार का सहयोग और पढ़ाई के प्रति समर्पण रहा। पेशे से अधिवक्ता पिता सनत शर्मा और पूरे परिवार ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। पढ़ाई के साथ-साथ श्रुति घर के कामों में भी माता-पिता का हाथ बंटाती हैं। सिलाई-कढ़ाई और खाना बनाना उनका शौक है, जबकि आगे विज्ञान के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना संजोए हुए हैं। मेहनत और प्रतिभा का सम्मान करना भी समाज की जिम्मेदारी है।
इसी भावना के साथ IBC24 कोरबा ने अपनी विशेष पहल “स्वर्ण शारदा सम्मान” के तहत मेधावी छात्रा श्रुति शर्मा को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें सम्मान स्वरूप स्कॉलरशिप भी प्रदान की गई, ताकि उनकी उच्च शिक्षा की राह और आसान हो सके। IBC24 का मानना है कि प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। श्रुति जैसी बेटियां ही समाज और प्रदेश का भविष्य हैं। हमें विश्वास है कि आज मिला यह सम्मान उनके सपनों को नई उड़ान देगा और आने वाले समय में वे कोरबा ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन करेंगी। IBC24 परिवार की ओर से श्रुति शर्मा को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
2015 से दी जा रही है यह स्कॉलरशिप
बता दें कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का नंबर वन न्यूज चैनल 2015 से ही यह स्कॉलरशिप प्रदान कर रहा है। IBC24 अपने स्थापना के समय से ही बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रहा है। स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप हमारे इस मुहिम की एक बानगी है। इसके जरिए हम बेटियों को उड़ान भरने के लिए आसमान देते हैं, जिससे वह समाज बीच बेटियों के लिए पनपी गलत धारणाओं को दूर कर सकें।

Facebook


