Ali Khamenei / image source: ani x handle
Ali Khamenei Death: ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत ने मिडिल ईस्ट को पूर्ण युद्ध के कगार पर ला खड़ा किया है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि शनिवार सुबह तेहरान स्थित उनके कार्यालय ‘लीडरशिप हाउस’ पर हुए हमले में खामेनेई मारे गए। इसी हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद पाकपुर और वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी की भी मौत हुई।
सरकारी टेलीविजन पर एक एंकर ने भावुक होकर 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। बताया गया कि हमले के समय खामेनेई अपने कार्यालय में दैनिक कामकाज कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार तेहरान में उनके आवास-कार्यालय परिसर को भारी नुकसान पहुंचा और मलबे से उनका शव बरामद हुआ। हादसे में बटी, बहू, दामाद और पोते के मारे जाने की भी खबर है। इजरायली मीडिया के हवाले से यह भी दावा सामने आया कि ऑपरेशन के बाद खामेनेई के मारे जाने की तस्वीरें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाई गईं। रिपोर्टों में कहा गया कि हमले में ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह समेत कई शीर्ष सैन्य अधिकारी भी मारे गए।
खामेनेई की हत्या को लेकर बड़ा खुलासा #IranUSConflict | #IsraelIranTensions | #alikhamenei | Iran | United States | Israel | Ali Khamenei | Jammu and Kashmirhttps://t.co/o1sM0BCDZT
— IBC24 News (@IBC24News) March 1, 2026
रेड क्रिसेंट के अनुसार संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हमलों में 200 से अधिक लोगों की मौत हुई, जिनमें लगभग 40 वरिष्ठ अधिकारी शामिल बताए गए। सैटेलाइट तस्वीरों से नेतृत्व परिसर के बड़े हिस्से के नष्ट होने की बात कही गई। IRGC से जुड़ी तस्नीम एजेंसी ने कहा कि खामेनेई का कार्यालय में मौजूद होना इस बात का प्रमाण है कि उनके छिपने की खबरें केवल मनोवैज्ञानिक युद्ध थीं।
खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने व्यापक जवाबी कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है। रिपोर्टों के अनुसार दुबई, दोहा, बहरीन और कुवैत में स्थित अमेरिकी ठिकानों और रणनीतिक परिसरों पर मिसाइलें दागी गईं, जिससे खाड़ी देशों में भारी दहशत फैल गई और वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी असर की आशंका बढ़ी। अमेरिका ने इस ऑपरेशन को सही ठहराते हुए कड़ा रुख अपनाया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि खामेनेई की मौत ईरानी जनता के लिए अवसर है और तेहरान पर हमले जारी रहेंगे। वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर ने क्षेत्रीय सुरक्षा अभियानों में सहयोग की घोषणा की। संयुक्त राष्ट्र ने सैन्य कार्रवाई पर चिंता जताते हुए क्षेत्रीय शांति पर गंभीर खतरे की चेतावनी दी है।