(Apple Event 2026 Live/ Image Credit: Apple)
नई दिल्ली: Apple Event 2026 Live: आज 9 सितंबर की रात Apple फैंस के लिए बेहद खास होने वाला है। कंपनी आज अपना खास ‘Surprise and Shine’ इवेंट (Apple Event 2026) आयोजित करने जा रही है। इस इवेंट में नए iPhone के अलावा Apple Watch और AirPods से जुड़े बड़े ऐलान भी देखने को मिल सकता है। सबसे ज्यादा चर्चा iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर है। इसके साथ ही Apple के पहले फोल्डेबल iPhone की झलक भी देखने को मिल सकती है।
Apple का यह इवेंट अमेरिका में सुबह 10 बजे PT से शुरू होगा। भारत में इसका प्रसारण रात 10:30 बजे IST से किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन Apple Park, Cupertino, California में होगा। भारतीय यूजर्स घर बैठे इस इवेंट को ऑनलाइन लाइव (Apple Event 2026 Live) देख सकेंगे। इसके लिए फोन, लैपटॉप, टैबलेट या स्मार्ट टीवी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
Apple अपने इस खास लॉन्च इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग कई प्लेटफॉर्म पर करेगा। यूजर्स इसे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट Apple.com, Apple TV ऐप और Apple के आधिकारिक YouTube चैनल पर देख सकेंगे। यानी इवेंट देखने के लिए किसी खास डिवाइस की जरूरत नहीं होगी। इंटरनेट कनेक्शन के साथ यूजर्स अपनी सुविधा के अनुसार लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max इस इवेंट (Apple Event 2026 Live) का मुख्य आकर्षण हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें TSMC की 2nm टेक्नोलॉजी पर बनी A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है। इससे परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ बेहतर हो सकती है। कैमरा सिस्टम में भी बदलाव की चर्चा है। खास तौर पर मैकेनिकल Variable Aperture फीचर मिलने की बात कही जा रही है जो कैमरे में आने वाली रोशनी को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकता है।
Apple के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर भी काफी चर्चा है। लीक रिपोर्ट्स में इसे फिलहाल iPhone Ultra कहा जा रहा है लेकिन यह इसका आधिकारिक नाम नहीं है। माना जा रहा है कि यह बुक-स्टाइल डिजाइन में आ सकता है। इसमें करीब 7.8 इंच का इनर डिस्प्ले और 5.3 इंच की कवर स्क्रीन हो सकती है। फोन में A20 Pro चिप, 12GB मेमोरी और दो 48MP रियर कैमरे मिलने की उम्मीद है। Face ID की जगह साइड-माउंटेड Touch ID दिए जाने की भी चर्चा है। परंतु इन सभी फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि Apple के इवेंट में ही होगी।